सुरक्षा को लेकर पुलिस छावनी में तब्दील रहा कैमूर का भभुआ रोड स्टेशन
संवाद सहयोगी मोहनियां। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर अवस्थित भभुआ रोड स्टेशन परिसर शुक्रवार को पुलिस छावनी में तब्दील रहा। सेना भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई अग्निपथ योजना के विरोध में गुरुवार को उक्त स्टेशन पर काफी बवाल हुआ था।

संवाद सहयोगी, मोहनियां। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर अवस्थित भभुआ रोड स्टेशन परिसर शुक्रवार को पुलिस छावनी में तब्दील रहा। सेना भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई अग्निपथ योजना के विरोध में गुरुवार को उक्त स्टेशन पर काफी बवाल हुआ था। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवाओं ने ढाई घंटे तक उत्पात मचाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर कड़ी आरा पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की दो बोगियों में आग लगा दी। स्टेशन पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे, कोच इंडिकेटर व अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। जीआरपी थाना परिसर रखी गई जब्त बाइकों, इनवर्टर इत्यादि को रेल ट्रैक पर फेंक दिया। बवाल में रेलवे को लगभग 20 लाख रुपये की क्षति हुई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन के वरीय अधिकारी स्टेशन पर कड़ी नजर रखे हुए थे। एसडीएम सत्येंद्र प्रसाद, डीएसपी फैज अहमद खां, स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के टिकट की जांच कर रहे थे। स्टेशन पर आने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की कड़ी नजर थी। मोहनियां के थानाध्यक्ष ललन कुमार काफी संख्या में पुलिस बल के साथ स्टेशन पर मौजूद थे। इसके अलावा स्टेशन की सुरक्षा में काफी संख्या में जीआरपी व आरपीएफ के जवान तैनात थे। बीते दिन की घटना को लेकर रेल यात्रियों में दहशत थी। स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों में असुरक्षा का भाव था। जिसे पुलिस प्रशासन दूर करने का प्रयास कर रहा था। स्टेशन पर हुए बवाल में 22 नामजद व तीन सौ अज्ञात पर प्राथमिकी
संवाद सहयोगी, मोहनियां: सेना भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए नियम अग्निपथ के विरोध में गुरुवार को भभुआ रोड स्टेशन पर हुए बवाल के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। उपद्रव के दौरान 22 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जीआरपी थाना में 22 नामजद व तीन सौ अज्ञात के विरुद्ध गुरुवार की रात प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद सभी नामजद अभियुक्तों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शुक्रवार को गया के रेल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस संबंध में डीएसपी फैज अहमद खान ने बताया कि गुरुवार को भभुआ रोड स्टेशन पर हुए बवाल में रेलवे को काफी क्षति हुई है। उपद्रवियों के पत्थरबाजी से थाना के एक एसआइ व एक पुलिस के जवान का सिर फट गया था। जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया में भर्ती कराया गया। रेल ट्रैक से उपद्रवियों को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बाद लाठीचार्ज किया गया। उपद्रव के दौरान 22 युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अलावा तीन सौ अज्ञात के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई है। वीडियोग्राफी के आधार पर उपद्रवियों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। कानून को हाथ में लेने वालों एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्सा नहीं जाएगा। यह बहुत गंभीर मामला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।