Bihar Land Dispute: भूमि विवाद को लेकर कैमूर जिले में खुलेआम फायरिंग, समझाने गए पड़ोसी की मौत; दो अन्य घायल
Bihar News कैमूर जिले में दो पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान दोनों पक्ष को समझाने के लिए उनका पड़ोसी पहुंच गया। इस बीच एक प ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, चैनपुर (कैमूर)। कैमूर जिले में चैनपुर थाना क्षेत्र के तीन मुगलपूरवा मोहल्ला में शनिवार को भूमि विवाद को लेकर जमकर फायरिंग हुई। इसमें एक पक्ष के दो और रास्ते से गुजर रहे एक 11 वर्षीय छात्र को गोली लग गई।
इस घटना के बाद इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमरुल होदा के 20 वर्षीय पुत्र रजाउल हक के रूप में हुई है। वहीं घायलों में हाशिम अंसारी के 36 वर्षीय पुत्र कैफूलवारा अंसारी और दिलीप गोंड का 11 वर्षीय पुत्र महेश प्रसाद गोंड शामिल हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घटना स्थल से पुलिस ने दो एकनाली बंदूक, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद की है।
घायल कैफूलवारा अंसारी ने बताया कि मोहल्ले के कौशर अंसारी और वशीर अंसारी के बीच पांच डिसमिल जमीन को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। भूमि पर पूर्व में 144 भी लगा था। जो समाप्त हो गया।
ढाई-ढाई डिसमिल दोनों पक्षों का हिस्सा था। कोर्ट में मुकदमा समाप्त होने के बाद वशीर अंसारी के द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराया गया। जिसका कौशर अंसारी ने विरोध किया और दोनों तरफ से बहस होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख रजाउल हक के साथ घायल युवक समझाने पहुंचा।
छत पर चढ़कर एक पक्ष के युवक ने चलाई गोली
इस दौरान, दूसरे पक्ष के कौशर अंसारी ने छत पर चढ़कर फायरिंग कर दी। जिसमें एक गोली उन्हें और एक गोली रजाउल हक को लगी। जबकि रास्ते से गुजर रहे 11 वर्षीय बच्चे के पैर में गोली लगी है।
गंभीर अवस्था में घायलों को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों का इलाज कर रहे डॉ. श्यामा प्रसाद ने बताया कि एक व्यक्ति रजाउल हक के सीने में गोली लगी थी। जिनकी मौत हो गई है।
कैफूलवारा अंसारी की स्थिति गंभीर थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, छोटे बच्चे के बाएं पैर में एक छर्रा लगा है। जिसका इलाज चल रहा है।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई है। आरोपित फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें-

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।