Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू, 4 दिनों के अनुष्ठान में क्या-क्या होगा?
कैमूर में लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिवसीय इस अनुष्ठान ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय से होगा प्रारंभ, चार दिवसीय अनुष्ठान।
कैमूर में 174 छठ घाट चिह्नित, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
बाजारों में छठ पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी जोरों पर।
जागरण संवाददाता, भभुआ। लोक आस्था पवित्रता और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
घरों से लेकर बाजारों तक छठ पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाएं और पुरुष पर्व की तैयारियों में जुट गए हैं। कोई पूजा सामग्री की खरीदारी कर रहा है, तो कोई घरों की साफ-सफाई और घाटों की व्यवस्था में लगा है।
छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है।
इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भेदभाव के बिना समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं। अमीर-गरीब, छोटे-बड़े सभी लोग श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करते हैं।
चार दिनों का अनुष्ठान होगा शुरू
लोक परंपरा के अनुसार छठ व्रत में शुद्धता और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि पर्व शुरू होने से पहले ही घरों में सात्विक वातावरण तैयार होने लगता है।
छठ महापर्व की शुरुआत कल शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। परंपरा के अनुसार नहाय-खाय के दिन कद्दू-भात, चने की दाल और अन्य सात्विक व्यंजन बनाए जाते हैं।
भोजन तैयार करने में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी दिन से व्रती चार दिनों तक चलने वाले कठिन अनुष्ठान के नियमों का पालन शुरू कर देते हैं।
पर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा।
पूजा के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे और परिवार तथा आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाएगा। खरना के बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। इस दौरान वे अन्न और जल ग्रहण नहीं करते हैं।
छठ पर्व का तीसरा दिन रविवार, 15 नवंबर को होगा। इस दिन संध्या अर्घ्य की विशेष तैयारी रहेगी। व्रती और उनके परिजन बांस के सूप, दउरा और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मूली, अदरक, नींबू तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों तक पहुंचेंगे।
अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से माहौल भक्तिमय हो उठेगा। पर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
सुबह सूर्योदय से पहले ही व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना करने के बाद व्रती पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।
174 घाट चिह्नित, 147 संवेदनशील
कैमूर जिले में छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 174 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें 147 घाट संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार भभुआ अनुमंडल में 100 और मोहनियां अनुमंडल में 74 घाट चिह्नित किए गए हैं। जिलाधिकारी कुमार अनुराग और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा की है।
अधिकारियों को सभी घाटों का भौतिक निरीक्षण करने, गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान करने और जरूरत के अनुसार मजबूत बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखने के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और बचाव उपकरणों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
इसके अलावा घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन पर भी जोर दिया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की व्यवस्था की जा रही है।
बाजारों में बढ़ी रौनक, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू
छठ पर्व को लेकर भभुआ, मोहनियां, रामगढ़, चैनपुर और जिले के अन्य बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में बांस से बने सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी के चूल्हे, दीये, नारियल, गन्ना और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। फल दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
केला, सेब, संतरा, नारियल, अनार, सिंघाड़ा और मौसमी फलों की मांग बढ़ने की उम्मीद है।छठ पर्व में ठेकुआ का विशेष महत्व है। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार होने वाला ठेकुआ मुख्य प्रसाद के रूप में चढ़ाया जाता है। इसके अलावा कसार, चावल के लड्डू और विभिन्न प्रकार के मौसमी फलों का भी प्रसाद तैयार किया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।