छठ पर एक हुए दो देश! कोसी बराज घाट पर भारत और नेपाल के लोग मिलकर कर रहे तैयारी, दिखेगा अद्भुत नजारा
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोसी बराज घाट पर छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें दोनों देशों ...और पढ़ें

कोसी बराज घाट पर भारत और नेपाल के लोग मिलकर कर रहे तैयारी
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर कोसी बराज में छठ की तैयारी।
दोनों देशों के श्रद्धालु मिलकर घाटों की साफ-सफाई कर रहे।
छठ महापर्व भारत-नेपाल की साझा संस्कृति का प्रतीक।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के साथ सदियों से बेटी-रोटी का रिश्ता का हरेक स्तर पर सहभागिता के साथ निर्वहन होता रहा है। छठ के दौरान रिश्ते की यह प्रगाढ़ता और गहरी हो जाती है।
कोसी बराज के समीप नदी किनारे होने वाले छठ पूजा में रोटी-बेटी का संबंध ही नहीं दिखता है बल्कि यहां दोनों देशों की साझी संस्कृति भी दिखती है। फिलहाल यहां घाटों की साफ-सफाई में जुटे हैं भारत-नेपाल के श्रद्धालुगण।
साफ-सफाई एवं व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोसी बराज में तैयारियां जोर पकड़ने लगी है। छठ महापर्व को लेकर भारतीय और नेपाली क्षेत्र के श्रद्धालु कोसी नदी के घाटों की साफ-सफाई एवं व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती चहल-पहल से छठ पूजा का माहौल बनने लगा है। कोसी बराज का छठ घाट की अपनी धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्यता, सुंदरता और भव्यता के लिए विशेष पहचान रखता है।
प्रसिद्ध छठ घाटों में कोसी बराज का महत्वपूर्ण स्थान
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, पटना के गंगा घाट के बाद उत्तर बिहार के प्रमुख और प्रसिद्ध छठ घाटों में कोसी बराज का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यहां छठ पूजा के अवसर पर भारत और नेपाल के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी एवं उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
कोसी नदी का उद्गम हिमालय क्षेत्र से होता है। नेपाल में सात प्रमुख नदियों के संगम से बनी इस नदी को सप्तकोसी के नाम से भी जाना जाता है। इसी पवित्र नदी के तट पर स्थित कोसी बराज का घाट धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।
पर्व मानने को लेकर तैयारी तेज
कोरोना काल के दौरान दोनों तरफ से आवाजाही, पर्व त्योहार और अन्य सामाजिक कार्यों पर वर्षों तक प्रतिबंध रहने के बाद बीते साल भी यहां छठ का आयोजन हुआ था लेकिन इस बार यहां कोरोना काल से पूर्व की तरह मानने को लेकर तैयारी तेज हो गई है।
सुगम रास्तों की व्यवस्था की जा रही
वर्षों बाद इस बार दोनों प्रभाग के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पूजा समिति की ओर से पूर्व की भांति व्यापक तैयारियां की जाती हैं। घाटों पर रोशनी, चेंजिंग रूम, सुलभ शौचालय, पार्किंग और आवागमन के लिए सुगम रास्तों की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बल, गोताखोरों की तैनाती, मेडिकल सुविधा, प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था और पूजा समिति के स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कोसी बराज पर छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच आपसी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
दोनों प्रभाग के लोग गुणेश्वर कर्ण, हरि किशुन मंडल, भोला राय, संजीव ठाकुर, चमन झा, धर्मेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, दीना नाथ यादव, नेहरू राय, दिलीप मंडल, विश्वनाथ यादव आदि का कहना है कि दोनों देशों के श्रद्धालु मिलकर इस महापर्व को भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की परंपरा चलती आ रही है। कहा कि दो देशों की साझी संस्कृति की अनुपन छटा पर्व के दौरान बराज के छठ घाटों पर दिखती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।