विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल बॉर्डर पर धराया कश्मीर का अपराधी; नेपाल से लड़की को ला रहा था भारत, भीमनगर में SSB ने सुरक्षित बचाया

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:32 PM (IST)

SSB Arrests Wanted Criminal From J&K at Bhimnagar Border: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर भीमनगर चेक पोस्ट ...और पढ़ें

SSB Arrests Wanted Criminal From J&K at Bhimnagar Border: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

SSB Arrests Wanted Criminal From J&K at Bhimnagar Border: प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. एसएसबी ने भीमनगर सीमा पर जम्मू-कश्मीर के अपराधी को दबोचा।

  2. अपराधी नेपाल से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को भारत ला रहा था।

  3. बाल विवाह और मानव तस्करी की आशंका पर लड़की को बचाया गया।

संवाद सहयोगी, जागरण, वीरपुर (सुपौल)। SSB Arrests Wanted Criminal From J&K at Bhimnagar Border: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी और मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू) ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वांछित फरार आरोपित को धर दबोचा।

इसके साथ ही जवानों ने आरोपित के चंगुल से 15 वर्षीय एक नेपाली नाबालिग किशोरी को भी सुरक्षित रेस्क्यू करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यह सफलता सीमावर्ती भीमनगर चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान मिली। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुजफ्फर अहमद बेग (34 वर्ष), निवासी जिला बारामूला (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है, जो श्रीनगर के बटमालू थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 133/2026 में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

अलर्ट पर थी सीमा, फोटो-विवरण से पकड़ा गया आरोपित

श्रीनगर के बटमालू थाने में दर्ज संगीन मामले में वांछित आरोपित के नेपाल भागने अथवा भारत-नेपाल सीमा के रास्ते आवागमन की पुख्ता खुफिया आशंका थी। इसी के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर पुलिस के समन्वय से एसएसबी ने आरोपित की तस्वीर, वीडियो और पहचान संबंधी विस्तृत ब्योरा सीमावर्ती चेक पोस्टों पर सतर्कता और निगरानी हेतु पहले ही साझा कर दिया था।

रविवार की दोपहर भीमनगर चेक पोस्ट पर सीमा चौकी के चेकिंग दल और मानव तस्करी रोधी इकाई (क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया) की संयुक्त टीम नियमित जांच व डाटा एंट्री का कार्य कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की सीमा से पैदल भारत में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध युवक और उसके साथ चल रही नाबालिग किशोरी पर सुरक्षाबलों की नजर पड़ी। चेहरे और कद-काठी का मिलान करने पर वह वाहिनी द्वारा जारी किए गए वांछित आरोपित के रिकॉर्ड से हूबहू मेल खा गया।

चेक पोस्ट कमांडर की मुस्तैदी से दबोचा गया, संस्था को दी सूचना

संदेह की पुष्टि होते ही चेक पोस्ट कमांडर सहायक उप-निरीक्षक (सामान्य) केदार चौहान ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोक लिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट राहुल कुमार और 'सर्वो प्रयास' सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि संजीव कुमार मेहता को दी।

शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने पहले गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन गहनता से पड़ताल करने पर उसने अपना नाम मुजफ्फर अहमद बेग, निवासी बारामूला (जम्मू-कश्मीर) स्वीकार कर लिया। जब साथ मौजूद किशोरी के दस्तावेजों की जांच की गई, तो उसके पास से बरामद नेपाली जन्म प्रमाण पत्र के अनुसार उसकी उम्र मात्र 15 वर्ष पाई गई। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 27 अक्टूबर 2026 को नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली इस नाबालिग से विवाह किया था और 8 नवंबर को उसे लेकर नेपाल से भारतीय सीमा में दाखिल हो रहा था।

बाल विवाह और मानव तस्करी की आशंका, श्रीनगर पुलिस को दी सूचना

किशोरी की उम्र मात्र 15 वर्ष होने के कारण उसकी गरिमा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला सुरक्षाकर्मियों के संरक्षण में उसे तत्काल सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक आधार कार्ड और 10,500 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला नाबालिग बालिका से जुड़े बाल विवाह, अपहरण और संभावित मानव तस्करी के गंभीर वैधानिक पहलुओं से संबंधित पाया गया।

इसके पश्चात समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट राहुल कुमार ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित बटमालू थानाध्यक्ष से सीधा संपर्क साधा और आरोपित के पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि की। सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद पकड़े गए अभियुक्त मुजफ्फर अहमद बेग, रेस्क्यू की गई नाबालिग किशोरी तथा बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- घर में घुसकर दुष्कर्म, फोटो और वीड‍ियो बनाया, डिलीट करने के नाम पर वसूले ₹50 हजार: अररिया का आरोपि‍त भेजा गया जेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।