बकरीद की नमाज अदा कर मांगी अमन और शांति की दुआ
जागरण टीम जमुई शहर स्थित ईदगाह मैदान व जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में रविवार की सुबह 6 बजकर 30 बजे से अकीदत के साथ ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की नमाज अदा की गई। इस दौरान अहले सुबह से ही बचे व बड़े नए-नए कपड़े पहनकर पहुंचने लगे। नमाज अदा करने के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ी रही।

फोटो- 10 जमुई- 7,17
---
- गले मिलकर एक-दूसरे को दी मुबारकबाद
- ईदगाह व मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज
- जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व
- दो वर्ष बाद ईदगाह में अदा की गई बकरीद की नमाज
जागरण टीम, जमुई : शहर स्थित ईदगाह मैदान व जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में रविवार की सुबह 6 बजकर 30 बजे से अकीदत के साथ ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की नमाज अदा की गई। इस दौरान अहले सुबह से ही बच्चे व बड़े नए-नए कपड़े पहनकर पहुंचने लगे। नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। कोरोना को लेकर दो वर्ष बाद ईदगाह के मैदान में बकरीद की नमाज अदा की गई। सभी मस्जिदों में भी अपने-अपने निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर व हाथ मिलाकर पर्व की बधाइयां दी और मुबारकबाद देते हुए खुशियां बांटी। ईदगाह मैदान में मौलाना ज्याउलरसूल गफ्फारी ने सच्चे मार्ग पर चलने की लोगों से अपील की और गरीबों, पड़ोसियों की मदद करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन और शांति का प्रतीक है। इस्लाम सभी के साथ मिलकर एक-दूसरे से खुशियां बांटने और भाईचारा का पैगाम देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार की खुशी में गरीबों, अनाथों और पड़ोसियों को भी शामिल करें। नमाज के बाद देश में अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गई। आपसी भाईचारा और सौहार्द के साथ-साथ मुसीबतों व परेशानियों से हिफाजत की भी दुआएं की गई। लोगों ने अपने-अपने इलाके के मस्जिदों में नमाज अदा की।
---
नमाज के बाद दी गई कुर्बानी
बकरीद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में सेवईयां और मिठाई खाकर पर्व मनाया। साथ ही अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी। हैसियतमंद लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में बकरे की कुर्बानी दी गई और गरीबों व जरूरतमंद पड़ोसियों, रिश्तेदारों के बीच मांस का वितरण किया गया। साथियों व रिश्तेदारों से मिलकर बकरीद पर्व की बधाइयां दी। छोटे-छोटे बच्चे नए-नए कपड़े पहनकर ईद पर्व की खुशियां मनाते दिखे।
--
सुरक्षा को ले चौक-चौराहों पर तैनात रही पुलिस
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रही। चौक-चौराहों के साथ-साथ चिन्हित जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बीडीओ, सीओ के अलावा नगर थानाध्यक्ष चंदन कुमार घूम-घूमकर हालात का जायजा ले रहे थे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस-प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर पुलिस द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों एवं गांव में गश्ती की जा रही थी। साथ ही पदाधिकारियों द्वारा मोहल्ले के गणमान्य लोगों से भी हालात की जानकारी ली जा रहा थी। हालात का जायजा ले रहे पदाधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थोड़ी भी चूक होने की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने बताया कि जमुई प्रखंड क्षेत्र के 26 जगहों पर दंडाधिकारी की नियुक्ति की गई है। पुलिस जवानों द्वारा असामाजिक तत्वों एवं मनचले युवकों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है।
सरौन : चकाई प्रखंड में बकरीद का त्योहार रविवार को सभी हिस्सों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान ईदगाह और मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की। सरौन, कठवारा, बसमता, काशीडीह, दुवरियाटिलहा, अंसारी मोहल्ला, नगरी, रामचंद्रडीह, दुलमपुर, चकाई बाजार, गरुड़बाद आदि जगहों में उत्साह देखा गया।
सिमुलतला : बकरीद सिमुलतला में मनाया गया। कनौदी, ढोढरी, पिपराडीह, पुरनकाडीह, सलैया, गोदैया, असहना, बथनावरण, टेलवा बाजार, बरौंधिया, पड़रिया, नेनुवासार, हडार, बुढि़वारी, सियांटांड आदि मुस्लिम बाहुल्य गांव में नमाज अदा कर मुस्लिमों ने गले मिलकर अमन, चैन एवं भाईचारा का संदेश बांटा। अंचलाधिकारी झाझा श्रीनिवास, सिमुलतला थानाध्यक्ष विद्यानंद कुमार, पुअनि जोसेफ मिज, पुअनि पोतन राम चौधरी, सअनि योगेंद्र प्रसाद सिंह, सअनि. रामकृष्ण राय, सअनि. अभिनाश कुमार चौधरी के साथ मैजिस्ट्रेट के रूप में सुरेंद्र कुमार कनीय अभियंता लघु सिचाई अनुमंडल झाझा, प्रवीन कुमार कनीय अभियंता मनरेगा झाझा, कमल सिंह संदीप कनीय अभियंता सिचाई प्रमंडल झाझा, शंकर प्रसाद यादव कनीय अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल झाझा, स्वरूप कुमार विश्वास प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी झाझा के साथ बीएमपी, सैप एवं एसएसबी के जवानों ने लगातार गश्ती करते हुए सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया।
अलीगंज : प्रखंड क्षेत्र में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ बकरीद का त्योहार मनाया। अलीगंज, मिर्जागंज, आढा, चंद्रदीप, डाढ, सेवे, ईचौड, दीननगर, मरकामा, इस्लामनगर सहित अन्य गावों में नमाज अदा की। इस मौके पर चंद्रदीप थानाध्यक्ष आशीष कुमार, बीडीओ विवेक कुमार, अंचलाधिकारी अरविद कुमार सहित क्षेत्र में नियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल गश्ती करते दिखे।
गिद्धौर : प्रखंड भर के ईंदगाहों और मस्जिदों में रविवार को शहादत और कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। प्रखंड के गिद्धौर, केतरुनवादा, बरदघटटा, धनियाठीका, मौरा, कैराकादो आदि गांव में मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर एक-दूसरे से गले मिल बधाई दी। पर्व को लेकर दंडाधिकारी रीता कुमारी, गिद्धौर थानाध्यक्ष शंकर दयाल राव, एएसआइ रामजन्म सिंह, उपेंद्र कुमार विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए थे।
झाझा : बकरीद पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान मुस्लिमों समुदाय ने मस्जिद एवं ईदगाह में नमाज अदा की। एक-दूसरे से गले मिलकर खुशी का इजहार किया। एसडीपीओ रविशंकर प्रसाद एवं थानाध्यक्ष राजेश शरण दल-बल के साथ प्रखंड एवं शहर में गश्ती करते दिखे। इस मौके पर बीडीओ दीपेश कुमार, समाजसेवी गौरव सिंह राठौर सहित कई दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।