प्रशांत किशोर को मिला फेमस सिंगर का साथ, थामा जन सुराज का दामन; चुनाव लड़ने को लेकर हलचल तेज
जमुई के सिकंदरा में जन सुराज पार्टी ने संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया। सुर संग्राम विजेता आलोक राज ने पार्टी की सदस्यता ली और शिक्षा को बढ़ावा देने और पलायन रोकने का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष ई. उत्तम कुमार ने बिहार को बदलने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान के पुत्र जयप्रकाश पासवान सहित कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। नगर मुख्यालय स्थित राधिका विवाह भवन के परिसर में सोमवार को जन सुराज पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष ई. उत्तम कुमार ने की। संगठन विस्तार कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुर संग्राम के विजेता व प्रयागराज महाकुंभ मेले में अपनी गायकी से फेमस आलोक राज मौजूद थे।
इस दौरान आलोक कुमार ने सर्वप्रथम पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। तत्पश्चात प्रथम यज्ञ भूखंड धरा पर आर्य का आगाज है, है पावन संगम की धरती यह प्रयागराज है गीतों को सुनाकर उपस्थित कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
लोग कयास लगाने लगे कि जन सुराज से आलोक की दावेदारी रहेगी। हालांकि, सिकंदरा विधानसभा से चुनाव लड़ने के पत्रकारों के सवाल पर आलोक ने सफाई देते हुए कह दिया कि मैं पूरे बिहार की बात करता हूं, सभी को एकजुट होकर बिहार को जिताना है। प्रशांत किशोर जी का एक ही मकसद है शिक्षा को बढ़ावा देना और पलायन को रोकना। इसी सोच के साथ सभी को आगे बढ़ना है।
वहीं, जिलाध्यक्ष ई. उत्तम कुमार ने कहा कि जन सुराज संगठन का उन सभी लोगों को सामूहिक तौर पर जोड़ने का प्रयास है, जो बिहार को बदलने में जज्बा रखते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन विस्तार कार्यक्रम में सुर संग्राम के विजेता आलोक राज के अलावा पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान के पुत्र जयप्रकाश पासवान, रामाशीष सिंह, विपिन कुशवाहा जैसे कई सरीखे लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली है। इन सभी के आने से पार्टी एक मजबूती की ओर आगे बढ़ेगी।
इस अवसर पर महासचिव सत्येंद्र कुशवाहा, पुर्व जिलाध्यक्ष धर्मदेव यादव, पुर्व महासचिव जमादार सिंह, महिला जिलाध्यक्ष नीलम मेहता, अभियान समिति संयोजक रणधीर पासवान समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।