विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जबरन पिलाया गोबर और नाली का पानी, अर्धनग्न कर सड़क पर घसीटा: जमुई में अंधविश्वास के चलते महिला से क्रूरता

Published: Sat, 11 Jul 2026 08:12 PM (IST)

जमुई में अंधविश्वास के चलते एक महिला को डायन बताकर अर्धनग्न कर पीटा गया और जबरन गोबर व नाली का ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड इमेज

एआई जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. महिला को डायन बताकर अर्धनग्न कर सड़क पर घसीटा गया।

  2. जबरन गोबर और नाली का गंदा पानी पिलाया गया।

  3. पति को बचाने पर रॉड से हमला कर घायल किया।

संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास की आड़ में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला को डायन बता कथित तौर पर अर्धनग्न कर सड़क पर घसीटा गया, बेरहमी से पीटा गया और जबरन गोबर व नाली का गंदा पानी पिलाया गया।

पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर भी रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खाना खाते वक्त घर से घसीटा 

पीड़िता ने लक्ष्मीपुर थाना में दिए आवेदन में पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात करीब 10 बजे वह परिवार के साथ घर में खाना खा रही थी। इसी दौरान गांव के संतोष कुमार दास, लक्ष्मण दास समेत अन्य लोग गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए।

आरोप है कि सभी ने उसे डायन बताते हुए बाल पकड़कर अर्धनग्न अवस्था में घर से बाहर खींच लिया और सड़क पर लाकर मारपीट शुरू कर दी।

नाली के पानी में गोबर मिलाकर पिलाया 

कुछ देर बाद संतोष दास की पत्नी निशा कुमारी और लक्ष्मण दास की पत्नी अनरवा देवी भी वहां पहुंचीं। निशा कुमारी ने नाली का कचरा और गोबर मिलाकर जबरन उसके मुंह में डाल दिया। इस दौरान पीड़िता लगातार मदद की गुहार लगाती रही।

पत्नी की चीख सुनकर उसका पति बचाने पहुंचा, तो आरोपितों ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोप है कि संतोष और लक्ष्मण दास ने उसे सड़क पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट करने के साथ राड से सिर और आंख पर हमला कर दिया।

गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के बयान पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- पटना से अगवा बंटी कुमार का शव अथमलगोला में मिट्टी में दबा मिला, सेक्स रैकेट के विरोध से जुड़ रही कड़ियां

यह भी पढ़ें- भागलपुर में सड़क पर कटा पैर देख मची भारी सनसनी, CCTV खुला तो 2 नामचीन डॉक्टरों पर लगा ₹50-50 हजार का जुर्माना