पटना से अगवा बंटी कुमार का शव अथमलगोला में मिट्टी में दबा मिला, सेक्स रैकेट के विरोध से जुड़ रही कड़ियां
चार दिन पहले अगवा किए गए किराना दुकानदार बंटी कुमार का शव अथमलगोला में मिट्टी में दबा मिला। पुलिस मामले ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी पूरी वारदात
HighLights
किराना दुकानदार बंटी कुमार का शव अथमलगोला में मिट्टी में दबा मिला।
पटना जंक्शन के पास से चार दिन पहले अगवा हुए थे।
सेक्स रैकेट के विरोध से हत्या की कड़ियां जुड़ रही हैं।
जागरण संवाददाता, पटना। न्यू करबिगहिया इलाके से चार दिन पहले अगवा किए गए 33 वर्षीय किराना दुकानदार बंटी कुमार का शव शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शव फुलैलपुर बायपास के समीप सड़क किनारे मिट्टी में दबा हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अपहरण के बाद उनकी हत्या कर शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
सोमवार की रात पटना जंक्शन के पास हुआ था अपहरण
जानकारी के अनुसार, बंटी कुमार न्यू करबिगहिया इलाके में किराना दुकान चलाते थे। सोमवार देर रात वह पटना जंक्शन के पास एक दुकान से सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद उन्हें जबरन एक ऑटो में बैठाकर वहां से ले जाया गया। घटना के बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी पूरी वारदात
बताया जा रहा है कि अपहरण की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी और उसी आधार पर कई अहम सुराग मिले हैं।
जांच एजेंसियां अपहरण और हत्या के पीछे के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सेक्स रैकेट के विरोध से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंटी कुमार ने इलाके में कथित रूप से चल रही कुछ अवैध गतिविधियों का विरोध किया था। इसी वजह से घटना को उस विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अथमलगोला थाना पुलिस और पटना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
