जमुई में ₹50000 के चलते दामाद ने कुल्हाड़ी से की ससुर की हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस
झाझा के बोड़वा बिशनपुर गांव में दामाद मनु पुजहर ने पैसे के विवाद में अपने ससुर ओकिल पुजहर (58) की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। थाना क्षेत्र के बोड़वा विशनपुर (जरिजोर) गांव में बुधवार की रात एक दामाद ने अपने ससुर की कुल्हाड़ी से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय ओकिल पुजहर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ओकिल पुजहर को पुत्र नहीं था, इसलिए वह अपनी बेटी और दामाद को अपने पास ही रखते थे।
तीन दिन पूर्व उनकी पुत्री ने घर निर्माण के लिए एक निजी बैंक से 50 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसी राशि को लेकर विवाद शुरू हुआ। दामाद भलदूगी निवासी मनु पुजहर पिछले दो दिनों से शराब के नशे में घर में उत्पात मचा रहा था और पैसे की मांग कर रहा था।
ससुर और पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह आक्रोशित हो गया। बुधवार की रात करीब 10 बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा और ससुर और पत्नी सहित अन्य स्वजन के साथ मारपीट करने लगा।
परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन इस दौरान उसने अपने ससुर को पकड़ लिया और कुल्हाड़ी से सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के समय आरोपी के हाथ में कुल्हाड़ी देखकर आसपास के लोग भी बचाव के लिए आगे नहीं आए। बाद में मृतक की पुत्री ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- पटना सचिवालय हाल्ट की बदहाली: पंखा-पानी नहीं, टूटे प्लेटफार्म; यात्रियों को हो रही परेशानी
यह भी पढ़ें- मृतक लोको पायलट के परिजनों से मिले मुकेश सहनी: हर संभव मदद का दिया आश्वासन, बोले- अपराधियों का मनोबल बढ़ा
