पटना सचिवालय हाल्ट की बदहाली: पंखा-पानी नहीं, टूटे प्लेटफार्म; यात्रियों को हो रही परेशानी
पटना के सचिवालय हाल्ट पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे, पीने ...और पढ़ें

सचिवालय हाल्ट पर प्लेटफार्म प्रवेश द्वार जर्जर। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विद्या सागर, पटना। राजधानी के महत्वपूर्ण इलाके में स्थित सचिवालय हाल्ट पर यात्री सुविधाओं की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आवागमन करते हैं, बावजूद इसके मूलभूत सुविधाओं का अभाव यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। हाल्ट पर न तो पंखे की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध है।

(प्लेटफार्म सं0-2 पर खराब चापाकल)
दो प्लेटफार्म वाले इस हाल्ट पर 32 पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता है। प्रतिदिन लगभग 300 से अधिक टिकटों की बिक्री होती है, जिससे यह स्पष्ट है कि यह हाल्ट यात्रियों के लिए कितना महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद यहां यात्री सुविधा के नाम पर लगभग कुछ भी नहीं है।
गर्मी के मौसम में खुले प्लेटफार्म पर बिना पंखे और पानी के यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाल्ट तक पहुंचने के लिए मात्र दो छोटे-छोटे प्रवेश द्वार हैं, जिससे भीड़ के समय आवागमन में कठिनाई होती है। संकरे रास्ते व टूटी सीढ़ी से यात्रियों को प्लेटफार्म पर जाते हैं।

आश्चर्य की बात यह है कि यहां हाल्ट के नाम का स्पष्ट बोर्ड तक नहीं लगा है, जिससे नए यात्रियों को पहचानने में परेशानी होती है। एक टिकट काउंटर तो है, लेकिन ट्रेन के आगमन और प्रस्थान की कोई सूचना प्रणाली उपलब्ध नहीं है। ट्रेनों के बारे में उद्घोषणा कभी कभार ही की जाती है।
प्लेटफार्म संख्या एक का कुछ हिस्सा टूटने की स्थिति में है, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरा पैदा करता है। रात्रि में भी यहां ट्रेनों का ठहराव होता है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिखती। केवल दो कर्मचारी यहां तैनात हैं, जो इतने बड़े यात्री दबाव के लिए अपर्याप्त हैं।
इसके अलावा, प्लेटफार्म संख्या एक पर बनाए गए दो अस्थायी फेब्रिकेटेड शौचालय भी अब तक चालू नहीं हो सके हैं। इन शौचालयों में पानी और टंकी का कनेक्शन ही नहीं किया गया, जिसके कारण ये उपयोग के योग्य नहीं बन पाए हैं।

(प्लेटफार्म सं0-एक पर बंद पड़ा शौचालय।)
सचिवालय और विधानसभा के नजदीक स्थित होने के कारण बड़ी संख्या में सरकारी और निजी नौकरीपेशा लोग इस हाल्ट का उपयोग करते हैं। ऐसे में यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। यात्रियों ने जल्द से जल्द सुविधाएं बहाल करने की मांग की है।
महिलाओं को इस हाल्ट से गाड़ी पकड़ने में बड़ी परेशानी है। यहां सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं है। टिकट घर है। हमलोग रेलवे को पैसा देकर यात्रा करते हैं लेकिन काम यहां कोई सुविधा ही नहीं है।
ममता देवी, यात्री
गर्मी में यहां प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना मुश्किल होता है। हाल्ट पर न शौचालय की व्यवस्था है न पेयजल की। प्रवेश द्वार पर सीढ़ी भी टूटी हुई है। यहां रेलवे को ध्यान देकर यात्री सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए।
मुन्ना पासवान, यात्री
