Bihar Politics: एनडीए में नो वैकेंसी, कांग्रेस में पटना से दिल्ली तक दौड़ लगा रहे नेता; इस सीट पर माहौल गर्म
सिकंदरा में चुनावी माहौल बन रहा है। कांग्रेस में टिकट के लिए सबसे ज्यादा दावेदार हैं जबकि एनडीए में यह सीट हम के पास रहने की संभावना है। जनसुराज में भी कई नेता टिकट की दौड़ में हैं। कांग्रेस में सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी और विनोद चौधरी के बीच मुकाबला है। राजद में गोल्डन अंबेडकर और जदयू में सिंधु कुमार पासवान भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
अरविंद कुमार सिंह, जमुई। महावीर की धरती सिकंदरा (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में चुनावी हलचल आहिस्ता आहिस्ता गतिमान है। संभावित उम्मीदवार क्षेत्र में चहलकदमी भी कर रहे हैं और दिल्ली दरबार से लेकर पटना तक की दौड़ लगा रहे हैं। सबसे ज्यादा भीड़ कांग्रेस में है। वैसे तो सबसे पहले गठबंधन की गांठ खुलने के बाद टिकट की टिक टिक होनी चाहिए, लेकिन ऐसा है नहीं।
दलों के अंदरखाने से यह स्पष्ट है कि एनडीए में कोई वैकेंसी नहीं है और महागठबंधन में यह सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। लिहाजा सर्वाधिक दौड़ कांग्रेस के दरवाजे पर लग रही है। फिलहाल, लगभग एक दर्जन नाम कांग्रेस से टिकट की दावेदारी करने वालों में शुमार है। इस सीट पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रफुल्ल मांझी का कब्जा है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बड़े नेताओं की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि सिकंदरा सीट हम के खाते में ही रहेगा। इधर, जनसुराज में भी ये प्रयागराज है.. गीत गाने वाले आलोक कुमार सहित आधा दर्जन टिकटार्थियों की भीड़ है। कांग्रेस से टिकट की देवदारी करने वालों में विधायक सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी तथा विनोद चौधरी के बीच कड़ा मुकाबला है। पिछली बार एड़ी चोटी एक करने वाले धर्मेंद्र पासवान भी कतार में हैं।
कांग्रेस के साथ जिंदगी गुजार देने वाले अखिलेश पासवान की बेटी रेणुका पासवान के अलावा धर्मेंद्र पासवान राजकुमार पासवान सहित अन्य कई नाम टिकट के लिए दौड़ लगाने वालों में है। राष्ट्रीय जनता दल में पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय गोल्डन अंबेडकर भी लगातार राजद के बैनर तले क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं उनका भी अपना तर्क और दावा है।
यदि जदयू और लोजपा में भी दावेदारी है, लेकिन परिस्थितियों अनुकूल बने तब। पिछली बार निर्दलीय चुनाव लड़कर बंटी चौधरी की लुटिया डुबोने में अहम भूमिका निभाने वाले सुभाष चंद्र बोस का से जुड़े हैं, लेकिन अंदर खाने से राजद से भी बातचीत चलने की चर्चा क्षेत्र में चल रही है।
जदयू में सिंधु कुमार पासवान ने भी अपनी उम्मीदवारी का दावा जदयू के कद्दावर नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के समक्ष पेश कर दिया है। वैसे चर्चा है कि सिंधु पासवान को जनसुराज से भी पेशकश मिली है, लेकिन वह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का साथ छोड़ेंगे, इसकी संभावना कम ही दिखती है।
जनसुराज में आलोक राज के अलावा पूर्व जिला पार्षद पति महादेव मांझी तथा पूर्व प्रमुख प्रदीप चौधरी का भी नाम जोर-शोर से चल रहा है। प्रचार प्रसार तथा पार्टी के कार्यक्रम में भी इन दोनों नेताओं की भागीदारी दिख रही है।
वर्ष | जीते | निकटतम प्रतिद्वंदी |
---|---|---|
1962 | शाह मुस्ताक | गीतानंदन सिंह |
1967 | विवेकानंद | जे लाल |
1969 | रामेश्वर पासवान | भोला मांझी |
1972 | रामेश्वर पासवान | नगीना चौधरी |
1977 | नगीना चौधरी | शैल रानी |
1980 | रामेश्वर पासवान | लोकनाथ आजाद |
1985 | रामेश्वर पासवान | भोला मांझी |
1990 | प्रयाग चौधरी | रामेश्वर पासवान |
1995 | प्रयाग चौधरी | रामेश्वर पासवान |
2000 | प्रयाग चौधरी | जनक देवराम |
2005 फरवरी | रामेश्वर पासवान | प्रयाग चौधरी |
2005 अक्टूबर | रामेश्वर पासवान | प्रयाग चौधरी |
2010 | रामेश्वर पासवान | सुभाष चंद्र बोस |
2015 | सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी | सुभाष चंद्र बोस |
2020 | प्रफुल्ल कुमार मांझी | सुधीर कुमार उर्फ बंटी चौधरी |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।