Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बालू तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर साथी को छुड़ाया, जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 12:55 PM (IST)

    जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में बालू तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। तस्करों ने पुलिस पर गोलीबारी की जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस घटना में दो तस्करों के घायल होने की सूचना है। ताजा जानकारी के लिए जागरण के साथ जुड़े रहें।

    Hero Image
    जमुई में बालू तस्करों का पुलिस पर हमला

    जागरण संवाददाता, झाझा (जमुई)। मंगलवार को बालू तस्करों ने झाझा पुलिस पर हमला कर दिया। पकड़े गए तस्कर को छुड़ाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान तस्करों ने पुलिस पर आधा दर्जन राउंड गोली चलाई। हालांकि पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर खुद को सुरक्षित कर लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हमले के दौरान तस्करों ने एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीनने की कोशिश की, तभी पिस्टल से एक गोली चली जो एक तस्कर के पैर में जा लगी। वहीं मारपीट में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका इलाज रेफरल अस्पताल में कराया गया।

    पुलिस ने छुड़ाए गए तस्कर का मोबाइल जब्त कर लिया है। घटना के बाद घायल पुलिस पदाधिकारी ने दो नामजद एवं अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद पुलिस पदाधिकारियों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।

    यह घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सूईया थाना क्षेत्र के पसराहा चौक के पास हुई। बताया जाता है कि थाना के एसआई क्षैबर राम पुलिस बल के साथ सर्किल नंबर एक में गश्ती पर थे। इसी दौरान बोड़वा चौक पर बालू लदे ट्रैक्टर के आने की सूचना मिली।

    सूचना पर एसआई क्षैबर राम एवं दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एक तस्कर को दबोच लिया। पुलिस गाड़ी को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन को कटहरा नदी होते हुए रामडीह की ओर भगा ले गया, जो सूईया थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया।

    सूईया थाना को सूचना देकर पुलिस बल ट्रैक्टर का पीछा करने लगी। इसी बीच पसराहा चौक पर तस्करों ने सड़क जाम कर पुलिस गाड़ी को रोक लिया। वहां तस्करों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी और चार से पांच राउंड फायरिंग की।

    स्थिति संभालने के दौरान मेहदी गांव के पिंटू यादव ने एसआई क्षैबर राम की पिस्टल छीनने का प्रयास किया, तभी गोली चल गई और पिंटू यादव के पैर में लगी। इसी बीच ग्रामीणों ने पकड़े गए तस्कर को छुड़ा लिया, हालांकि पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया।

    पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थिति बेहद गंभीर थी। तस्कर लगातार फायरिंग कर रहे थे, लेकिन पुलिस बल ने किसी तरह खुद को बचाया। चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एसआई क्षैबर राम ने मेहदी गांव के नवीन कुमार और पिंटू यादव सहित अज्ञात तस्करों पर मामला दर्ज कराया है।

    थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस बल पर चार से पांच राउंड गोली चलाई गई। तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरी घटना का वीडियो पुलिस ने बना लिया है।