Jamui News: दहेज लोभियों ने ली विवाहिता की जान, पति गिरफ्तार और ससुराल वाले फरार
जमुई के झाझा में दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर दी गई। ससुराल वालों ने घटना को छुपाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने मृतका के गले पर निशान पाए। मृतका की मां ने पति सहित अन्य पर मामला दर्ज कराया जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का शव मायके भेज दिया गया है।

संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव में दहेज को लेकर ससुराल वालों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी। घटना को सामान्य मौत का रूप देने का प्रयास किया गया। मृतका की पहचान लोक कुमार की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई। उसके गले पर जख्म के निशान पाए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, शव की जांच की और सैंपल एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। इस मामले में मृतका की मां सोनो थाना क्षेत्र के हथियापाकड़ गांव निवासी चंपा देवी ने पति आलोक कुमार सहित अन्य अज्ञात पर केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित आलोक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। एसडीपीओ राजेश कुमार और थानाध्यक्ष संजय कुमार ने मृतका के स्वजनों से मुलाकात की। ससुराल वाले शव ले जाने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव मृतका के मायके पहुंचाकर अंतिम संस्कार कराने की बात कही।
बताया जाता है कि आलोक की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की भी उसने 2019 में हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था, तब लड़की पक्ष के दबाव में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। करीब पांच साल पहले हथियापाकड़ निवासी काजल की शादी आलोक से हुई थी। शादी के बाद एक पुत्र अमित कुमार उर्फ चिक्कू (4) का जन्म हुआ।
विवाह के कुछ दिनों बाद से ही आलोक उसे प्रताड़ित करने लगा था। बुधवार की दोपहर सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में थे। इसी बीच काजल ने कथित रूप से कमरे की कड़ी में गमछा के सहारे फांसी लगा ली। जब उसका बेटा हल्ला करने लगा तो स्वजनों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक काजल की मौत हो चुकी थी।
आलोक ने ससुराल वालों को फोन कर बताया कि काजल की मौत पेट दर्द से हुई और वह अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा, लेकिन जब लड़की पक्ष के लोग पहुंचे तो गले पर जख्म देखकर उन्हें शक हुआ।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के बेटे से पूछताछ की तो बच्चे ने पूरी घटना की जानकारी दे दी। रात में ही एसडीपीओ राजेश कुमार और फारेंसिक टीम ने जांच पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ ने कहा कि मुख्य आरोपित पति को गिरफ्तार कर मामले की गहन जांच की जाएगी। मृतका के स्वजन रो-रोकर बेहाल थे और छोटे बच्चे के भविष्य की चिंता जताते हुए संवेदना व्यक्त कर रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।