विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में रफ्तार का कहर: 'बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो ने ऑटो को रौंदा, मेले से लौट रहे 1 युवक की मौत; 2 घायल

Published: Wed, 21 Oct 2026 04:06 PM (IST)

जमुई में 'बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दो ...और पढ़ें

जमुई सड़क हादसा: 'बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत

जमुई सड़क हादसा: 'बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत

HighLights

  1. 'बिहार सरकार' लिखी स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मारी।

  2. जमुई हादसे में एक युवक की मौत, दो घायल।

  3. ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

संवाद सहयोगी, जमुई। सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मिर्जागंज के समीप बिहार सरकार लिखी एक अधिकारी की तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को स्वास्थ्य केंद्र, सिकंदरा में भर्ती कराया। वहां से सोमवार की देर रात करीब 10 बजे तीनों को सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान लखीसराय जिले के कवैया निवासी विनोद मोदी के पुत्र जितेंद्र कुमार (27) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान गोसाई टोला निवासी बिसुंदेव तांती के पुत्र छोटू कुमार और संतर मोहल्ला निवासी मनोज मोदी के रूप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जब्त स्कॉर्पियो पर 'बिहार सरकार' लिखा हुआ है। इसे किसी अधिकारी का वाहन बताया जा रहा है।

घटना स्थल का वीडियो भी सामने आया है। इधर, देर रात सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी की। डीएम के आदेश के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

मेले में सामान बेचकर घर लौट रहे थे युवक

बताया जाता है कि जितेंद्र अपने साथियों के साथ मेला में घूम-घूमकर खिलौने और अन्य सामान बेचने का काम करता था।

इसी क्रम में जितेंद्र कुमार, छोटू कुमार और मनोज मोदी दो दिन पहले दुर्गा पूजा मेले में सामान बेचने अलीगंज आए थे। वहां से तीनों ऑटो पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान मिर्जागंज के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जितेंद्र की मौत हो गई, जबकि छोटू और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए।

सदर अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के स्वजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।

यह भी पढ़ें- जमुई के पाठकचक जंगल में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

यह भी पढ़ें- जमुई में दुकान विवाद में 2 पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जदयू नेता अनुज कुमार समेत 8 घायल