जमुई में दुकान विवाद में 2 पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जदयू नेता अनुज कुमार समेत 8 घायल
सिकंदरा के कुमार गांव में मां नेतुला मंदिर के पास दुकान बढ़ाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सिकंदरा में मंदिर के पास दुकान बढ़ाने पर विवाद।
मारपीट में जदयू नेता सहित आठ लोग हुए घायल।
पुलिस हवाई फायरिंग की सूचना की कर रही जांच।
संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। सिकंदरा थाना क्षेत्र के कुमार गांव में सोमवार की देर शाम साढ़े सात बजे के करीब मां नेतुला मंदिर के समीप दुकान बढ़ाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई।
घटना में मां नेतुला मंदिर न्यास समिति के सचिव सह जदयू नेता अनुज कुमार सिंह समेत एक पक्ष के छह और दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। पुलिस हवाई फायरिंग की सूचना की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रामाशीष सिंह द्वारा मंदिर के समीप स्थित दुकान बढ़ाई जा रही थी। न्यास समिति के सचिव अनुज सिंह ने इस पर आपत्ति जताते हुए दुकान बढ़ाने से मना किया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई। इसमें अनुज सिंह, उनके भाई संजय सिंह, चचेरे भाई चुन्नू सिंह, पुत्र सत्यम सिंह और परिवार के सदस्य चंदन सिंह समेत छह लोग घायल हो गए। दूसरे पक्ष से रामाशीष सिंह और बम भोला सिंह जख्मी हुए।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुज सिंह, संजय सिंह, चुन्नू सिंह, सत्यम सिंह और चंदन सिंह को बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं। उनके बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है।
रामाशीष सिंह और उनके पुत्रों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें- बहन के घर दुर्गा पूजा में घूमने आया था भाई, आरा में अपराधियों ने गोली मारकर की हत्या
यह भी पढ़ें- सिवान में मार्केट में लगी आग, एसी-सिलेंडर फटने से हुआ धमाका; मची अफरातफरी
