Jamui News: शौच करने गई महिला कांवड़िया से छेड़खानी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जमुई के चकाई प्रखंड में कांवरिया शिविर के पास एक महिला कांवड़िया से छेड़खानी की कोशिश की गई। घटना के समय महिला शौच के लिए गई थी। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चकाई प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थित कांवरिया सेवा शिविर के समीप रात के अंधेरे में शौच के लिए गई महिला कांवरिया के साथ बदमाशों द्वारा गलत नीयत से छेड़खानी की कोशिश की गई। घटना (Jamui crime) मंगलवार रात 09:30 बजे की है। जिस इलाके में घटना हुई वहां पर पुलिस द्वारा श्रावणी मेला को लेकर लाठीधारी पांच पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है, बावजूद घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जाता है कि बाबा धाम से पूजा-अर्चना करने के बाद औरंगाबाद जिले के अंबा प्रखंड के खजुरिया गांव के 45 कांवरियों की टोली मंगलवार रात प्रखंड मुख्यालय परिसर में बने कांवरिया सेवा शिविर में आराम करने के लिए रुकी थी। इसी दौरान तीन महिलाएं शिविर परिसर में बने शौचालय में नहीं जाकर सर्किट हाउस के बगल बने कच्चे नाले के तरफ शौच के लिए गई थी।
इसी दौरान अंधेरे में बदमाशों ने महिला कांवरिया का हाथ पकड़ लिया और गलत नीयत से छेड़खानी करने लगा। महिला कांवरियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग और अन्य कांवरिया साथी वहां पहुंचे, तब तक बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद 112 पुलिस टीम को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कांवरिया से घटना की जानकारी ली। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कांवरिया शिविर के समीप सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि शिविर के लिए तैनात लाठीधारी जवान सिर्फ शिविर में बने पंडाल में बैठकर मोबाइल देखने में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में किसी भी दिन कोई घटना घट सकती है। घटना के बाद भयभीत कांवरियों का दल थोड़ी देर रुकने के बाद बस पर सवार होकर औरंगाबाद के लिए निकल गया।
चकाई थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। किसी महिला कांवरिया द्वारा कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।