विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका! आसमान पर पहुंचे दाम, देखें 10 ग्राम का नया रेट

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:35 PM (IST)

धनतेरस से पहले झाझा में सोना, चांदी, कांसा और पीतल के दामों में भारी उछाल आया है, जिससे इस बार त्योहार की खरीदारी महंगी हो गई है।

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका! आसमान पर पहुंचे दाम (AI Generated Image)

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने वालों को झटका! आसमान पर पहुंचे दाम (AI Generated Image)

HighLights

  1. धनतेरस से पहले सोना-चांदी के दामों में भारी उछाल।

  2. पिछले साल से 10 ग्राम सोना 14 हजार रुपये महंगा।

  3. वाहन और इलेक्ट्रॉनिक बाजार में बेहतर कारोबार की उम्मीद।

संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। धनतेरस से पहले ही सोना और चांदी के दामों में एकाएक उछाल आने से इस बार त्योहार की खरीदारी महंगी होने वाली है। सोना-चांदी के साथ कांसा और पीतल के भाव में भी वृद्धि हुई है। महंगाई का असर सर्राफा बाजार में दिखने लगा है।

दुकानों में खरीदारों की भीड़ अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है। वहीं, वाहन और बाइक बाजार में बेहतर कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर नगर क्षेत्र के व्यवसायी युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे हैं।

मुख्य बाजार के सर्राफा व्यवसायी सुमन कुमार बरनवाल ने बताया कि सोना-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। त्योहार के बाद भी इनके दामों में वृद्धि की संभावना है।

पिछले वर्ष 10 ग्राम सोने की कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये थी जो इस बार बढ़कर एक लाख 34 हजार रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, चांदी का भाव करीब एक लाख 93 हजार रुपये प्रति किलो हो गया है।

पिछले तीन वर्षों में सोना-चांदी की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, जिसका असर बिक्री पर भी दिखाई दे रहा है।

बर्तन व्यवसायी रंजीत माथुरी ने बताया कि दुर्गा पूजा में कारोबार काफी मंदा रहा। हालांकि, धनतेरस और लग्न के मौसम में बेहतर बिक्री की उम्मीद है। इसके लिए तैयारी अंतिम चरण में है।

उन्होंने बताया कि बर्तन दुकानों पर कोई विशेष आफर नहीं रखा गया है। हीरो शोरूम के मालिक रमेश यादव ने बताया कि वाहन खरीदारी पर छोटे-मोटे आफर दिए जा रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार बेहतर रहेगा।

इलेक्ट्रॉनिक सामान व्यवसायी आयुष बंका ने भी टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदारी बढ़ने की संभावना जताई है।

उम्मीदों के साथ सज रही हैं दुकानें

धनतेरस और दीपावली नजदीक आने के साथ ही बाजार में सजावट की रौनक बढ़ने लगी है। सर्राफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान और वाहन शोरूम आकर्षक तरीके से सजाए जा रहे हैं।

विद्युत दुकानों में रंग-बिरंगे बल्ब और सजावटी लाइटों की बहार है। फ्रिज, टीवी और वाशिंग मशीन जैसे घरेलू उपकरणों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। बाइक और मोबाइल दुकानों पर विभिन्न माडलों की खरीदारी के लिए आफर दिए जा रहे हैं।

वहीं, सर्राफा और बर्तन दुकानदारों ने विशेष छूट की व्यवस्था नहीं की है। बाजार में सजावटी दीये और विभिन्न प्रकार के बर्तन भी उपलब्ध हैं।

खरीदारों के चेहरों पर महंगाई की चिंता

सर्राफा दुकान में खरीदारी करने पहुंचे करहरा गांव के सुरेश यादव ने बताया कि सोना-चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं। त्योहार के साथ शादी-विवाह का मौसम भी शुरू होने वाला है। ऐसे में मध्यम और छोटे वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस बार धनतेरस पर प्रतीकात्मक रूप से केवल एक दीया खरीदने की स्थिति है। खरीदार गौरव कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में कई सामानों की कीमतें बढ़ गई हैं। इसका असर धनतेरस की खरीदारी पर स्पष्ट दिखाई देगा। उनके अनुसार, सर्राफा दुकानों की तुलना में बर्तन दुकानों पर अधिक भीड़ रहने की संभावना है।

तीन वर्षों में सामानों के दाम में बदलाव
सामान (मात्रा) 2024 2025 2026
कांसा (प्रति किलो) 1,600 रुपये 1,700 रुपये 2,500 रुपये
स्टील (प्रति किलो) 250 रुपये 270 रुपये 250 रुपये
पीतल (प्रति किलो) 800 रुपये 850 रुपये 1,100 रुपये
सोना (10 ग्राम) 78,880 रुपये 1,20,000 रुपये 1,34,000 रुपये
चांदी (प्रति किलो) 92,000 रुपये 1,90,000 रुपये 1,93,000 रुपये

यह भी पढ़ें- दीपोत्सव का शंखनाद: 6 को धनतेरस, 8 को दिवाली और 13 नवंबर से महापर्व छठ, जानिए पूजा के सबसे सटीक मुहूर्त

यह भी पढ़ें- सोना-चांदी ही नहीं, धनतेरस पर झाड़ू, धनिया और कौड़ी खरीदने से भी घर आती हैं मां लक्ष्मी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।