विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 'साइबर जिहाद मूवमेंट' का खुलासा, विदेशी हैंडलर से मिलता था सरकारी वेबसाइट हैक करने का टास्क; 2 गिरफ्तार

Published: Sat, 07 Nov 2026 09:52 PM (GMT+05:30)

बिहार के जमुई में पुलिस ने 'साइबर जिहाद मूवमेंट' टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े दो नाबालिग भाइयों को पकड़ा है। Roblox ...और पढ़ें

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई में साइबर गतिविधियों की निगरानी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेलीग्राम पर कथित तौर पर ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नामक ग्रुप से जुड़े दो नाबालिग भाइयों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में दोनों के एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। आरोप है कि ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म रोब्लाक्स के जरिए दोनों की पहचान विदेशी व्यक्ति से हुई थी।

इसके बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर कथित तौर पर सरकारी वेबसाइट हैक करने जैसे टास्क दिए जाते थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

टेलीग्राम ग्रुप की मॉनीटिरिंग से मिली लीड

जानकारी के अनुसार, जमुई जिला सूचना इकाई को इंटरनेट मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान टेलीग्राम पर संचालित ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नामक ग्रुप के बारे में जानकारी मिली थी।

इस ग्रुप से दो नाबालिग भाइयों के जुड़े होने की सूचना पर पुलिस ने पहले इसकी सत्यता की जांच की। आदर्श थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया और उनके मोबाइल फोन की जांच की।

अरबी भाषा में मिले संदिग्ध संदेश

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों नाबालिगों के मोबाइल में टेलीग्राम और रोब्लाक्स गेमिंग एप मिले हैं। टेलीग्राम पर कथित तौर पर ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नाम का ग्रुप भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, ग्रुप में अरबी भाषा में आपत्तिजनक सामग्री और संदिग्ध चैट मौजूद थे। जांच के दौरान मोबाइल में मिले संदेशों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के स्क्रीनशाट सुरक्षित किए गए हैं।

सरकारी वेबसाइट हैक करने का मिलता था टास्क

पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि रोब्लाक्स गेम खेलने के दौरान उनकी पहचान एक विदेशी व्यक्ति से हुई थी। धीरे-धीरे गेमिंग प्लेटफार्म के माध्यम से बातचीत बढ़ी और कथित तौर पर वह व्यक्ति उन्हें अलग-अलग टास्क देने लगा।

आरोप है कि टेलीग्राम ग्रुप में सरकारी वेबसाइटों के लिंक भेजकर उन्हें हैक करने के लिए कहा जाता था। पुलिस के मुताबिक, ग्रुप में सेना और पुलिस को निशाना बनाने से संबंधित चर्चाएं भी सामने आई हैं। हालांकि, इन गतिविधियों की वास्तविकता और विदेशी हैंडलर की भूमिका की जांच की जा रही है।

विदेशी हैंडलर की पहचान में जुटी पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए आदर्श थाना में केस दर्ज की गई है। दोनों नाबालिगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की विस्तृत जांच के लिए मोबाइल को फोरेंसिक जांच में भेजने की तैयारी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किन-किन लोगों के संपर्क में थे, ग्रुप का संचालन कहां से हो रहा था और इसके पीछे किसका नेटवर्क काम कर रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जिले के अन्य किशोर या युवा भी इस तरह के किसी संदिग्ध ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों की उम्र कम होने के कारण उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्राविधानों का पालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में बैठकर भारतीयों के बैंक खाते कर रहे खाली, बिहार में साइबर क्राइम के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़

यह भी पढ़ें- देवघर में पुलिस की वर्दी में आए लुटेरे, जांच के बहाने तार से लदा ट्रक लेकर फरार; जमुई के 2 युवक गिरफ्तार  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।