भारतीय रेलवे ने बिहार व झारखंड जाने वाले प्रवासियों को दिया छठ का तोहफा: दिल्ली, बंगाल और दक्षिण से कई स्पेशल ट्रेनें
Chhath Festival Special Trains Extra Coaches: भारतीय रेलवे ने छठ महापर्व के लिए बिहार और झारखंड जाने वाले यात्रियों हेतु ...और पढ़ें

Chhath Festival Special Trains Extra Coaches: बिहार व झारखंड के रेल यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला
HighLights
छठ के लिए बिहार-झारखंड हेतु विशेष ट्रेनें शुरू।
मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़कर भीड़ कम की।
कन्याकुमारी-बरौनी, रांची-झंझारपुर रूट पर सुविधा।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। Chhath Festival Special Trains Extra Coaches: लोक आस्था के महापर्व छठ पर देश के विभिन्न राज्यों से बिहार और झारखंड स्थित अपने घरों को लौटने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने राहतों की बड़ी झड़ी लगा दी है।
पर्व के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़, लंबी वेटिंग लिस्ट और कंफर्म टिकट की मारामारी को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई रूट्स पर 'ऑन डिमांड' (टीओडी) व अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ-साथ प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है।
आसनसोल और दानापुर रेलमंडल के झाझा, जसीडीह, मधुपुर व चित्तरंजन जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरने वाली इन ट्रेनों से झारखंड, बंगाल और दक्षिण भारत से बिहार आने वाले लाखों प्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
दक्षिण भारत और झारखंड से बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन के अनुसार, दक्षिण भारत से बिहार आने वाले प्रवासियों के लिए कन्याकुमारी से बरौनी के बीच एकतरफा 'ट्रेन ऑन डिमांड' (टीओडी) एक्सप्रेस स्पेशल (गाड़ी संख्या 06187) का परिचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 8 नवंबर (रविवार) को सुबह 05:00 बजे कन्याकुमारी से रवाना होकर 11 नवंबर (बुधवार) को देर रात 02:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन स्टेशनों पर ठहराव के साथ चलने वाली इस ट्रेन में स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के पर्याप्त कोच लगाए गए हैं।
इसके साथ ही, झारखंड और मिथिलांचल के बीच यात्रा करने वालों के लिए रांची–झंझारपुर-रांची पूजा स्पेशल (गाड़ी संख्या 08641/08642) का संचालन 20 नवंबर तक जारी रहेगा। 16 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोचों से लैस यह स्पेशल ट्रेन रांची से 6, 13 और 20 नवंबर (प्रत्येक शुक्रवार) को मध्यरात्रि 12:30 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 03:30 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में झंझारपुर से प्रत्येक शुक्रवार को शाम 05:00 बजे खुलकर शनिवार दोपहर 02:35 बजे रांची लौटेगी।
आसनसोल से बेतिया और पटना साहिब के लिए चलेंगी अनारक्षित ट्रेनें
छठ के दौरान कम दूरी के रेल यात्रियों की सहूलियत के लिए पूर्व रेलवे द्वारा अनारक्षित (जनरल) स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी की गई है। आसनसोल-पटना साहिब अनारक्षित स्पेशल (03513/03514) का संचालन 11 और 13 नवंबर को आसनसोल से तथा 12 और 14 नवंबर को पटना साहिब से किया जाएगा।
इसी तरह, आसनसोल-बेतिया अनारक्षित स्पेशल (03515) 12 नवंबर को दोपहर 01:50 बजे आसनसोल से रवाना होकर अगले दिन रात 01:00 बजे बेतिया पहुंचेगी। वापसी में बेतिया-आसनसोल स्पेशल (03516) 13 नवंबर को तड़के 02:30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन दोपहर 02:00 बजे आसनसोल लौटेगी। दोनों ही ट्रेनें चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह और झाझा स्टेशनों पर रुकेंगी।
यात्रियों की मांग पर हावड़ा-मोकामा व कटिहार एक्सप्रेस में जुड़े अतिरिक्त कोच
स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त, पूर्व रेलवे ने यात्रियों की भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए दो प्रमुख जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों में अस्थायी तौर पर अतिरिक्त कोच जोड़ने की मंजूरी दी है। गाड़ी संख्या 13029/13030 हावड़ा-मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस में दोनों दिशाओं से एक-एक अतिरिक्त स्लीपर (शयनयान) कोच जोड़ा जाएगा। हावड़ा से खुलने वाली ट्रेन में यह कोच 4 से 14 नवंबर तक तथा मोकामा से 5 से 15 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा, जिससे ट्रेन 12 के बजाय 13 कोचों के साथ चलेगी।
छठ स्पेशल ट्रेनों की विस्तृत समय-सारणी व मार्ग
1. कन्याकुमारी – बरौनी एकतरफा एक्सप्रेस स्पेशल (06187)
प्रस्थान: 08 नवंबर (रविवार) सुबह 05:00 बजे कन्याकुमारी से।
आगमन: 11 नवंबर (बुधवार) देर रात 02:30 बजे बरौनी।
ठहराव: झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन।
2. रांची – झंझारपुर – रांची पूजा स्पेशल (08641 / 08642) (16 एलएचबी कोच)
रांची से झंझारपुर (08641): 6, 13 और 20 नवंबर (शुक्रवार) को मध्यरात्रि 12:30 बजे प्रस्थान, उसी दिन दोपहर बाद 03:30 बजे आगमन।
झंझारपुर से रांची (08642): 6, 13 और 20 नवंबर (शुक्रवार) को शाम 05:00 बजे प्रस्थान, अगले दिन (शनिवार) दोपहर 02:35 बजे आगमन।
ठहराव: झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन।
3. आसनसोल – पटना साहिब – आसनसोल अनारक्षित स्पेशल (03513 / 03514)
आसनसोल से (03513): 11 और 13 नवंबर को शाम 07:30 बजे प्रस्थान, अगले दिन रात 01:45 बजे आगमन।
पटना साहिब से (03514): 12 और 14 नवंबर को तड़के 02:15 बजे प्रस्थान, उसी दिन सुबह 09:20 बजे आगमन।
ठहराव: झाझा, जसीडीह, मधुपुर, जामताड़ा, चित्तरंजन।
4. आसनसोल – बेतिया – आसनसोल अनारक्षित स्पेशल (03515 / 03516)
आसनसोल से (03515): 12 नवंबर को दोपहर 01:50 बजे प्रस्थान, अगले दिन रात 01:00 बजे आगमन।
बेतिया से (03516): 13 नवंबर को तड़के 02:30 बजे प्रस्थान, उसी दिन दोपहर 02:00 बजे आगमन।
ठहराव: झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन।
इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 13033/13034 हावड़ा-कटिहार-हावड़ा एक्सप्रेस में साधारण द्वितीय श्रेणी (जनरल) का एक अतिरिक्त कोच लगाया जा रहा है। हावड़ा से 5 व 6 नवंबर को तथा कटिहार से 6 व 7 नवंबर को रवाना होने वाली ट्रेनों में यह कोच उपलब्ध रहेगा, जिससे ट्रेन की क्षमता 17 से बढ़कर 18 कोचों की हो जाएगी। पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी फेरों और कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।