विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई एनकाउंटर की थ्योरी पर ABVP का सवाल; घटनास्थल की बैरिकेडिंग व साक्ष्यों पर संदेह, 24 घंटे में आंदोलन का अल्टीमेटम

Published: Thu, 24 Sep 2026 03:29 PM (IST)

Jamui Marwa Pahar Case ABVP Press Conference: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जमुई के चर्चित मड़वा पहाड़ प्रकरण में ...और पढ़ें

Jamui Marwa Pahar Case ABVP Press Conference: मड़वा पहाड़ प्रकरण की पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े करते एबीवीपी नेता।

Jamui Marwa Pahar Case ABVP Press Conference: मड़वा पहाड़ प्रकरण की पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े करते एबीवीपी नेता।

HighLights

  1. पुलिस की मुठभेड़ थ्योरी और घटनास्थल की सुरक्षा पर सवाल।

  2. आरोपितों की चोटों और गिरफ्तारी प्रक्रिया पर एबीवीपी ने उठाए प्रश्न।

  3. पीड़िता पर अभद्र टिप्पणी की निंदा, 24 घंटे में आंदोलन की चेतावनी।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Marwa Pahar Case ABVP Press Conference:  जिले के चर्चित मड़वा पहाड़ प्रकरण में पुलिसिया कार्रवाई और मुठभेड़ (एनकाउंटर) की थ्योरी को लेकर अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में परिषद के प्रांत एसएफडी सह संयोजक अभिनय दुबे ने पुलिस एनकाउंटर, घटनास्थल की सुरक्षा, साक्ष्यों के संकलन और आरोपितों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया को कठघरे में खड़ा किया।

उन्होंने मामले की पूरी निष्पक्षता और सच्चाई सामने लाने के लिए मुख्यमंत्री तथा जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय व पारदर्शी जांच की मांग की है।अभिनय दुबे ने बिंदुवार सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाकई एनकाउंटर हुआ है, तो उस घटनास्थल से हथियार की आधिकारिक बरामदगी क्यों नहीं दिखाई गई।

उन्होंने सवाल किया कि जब मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी और सीआईडी जैसी एजेंसियां जांच कर रही हैं, तो गोलीबारी वाले संवेदनशील स्थान की विधिवत घेराबंदी (कॉर्डन ऑफ) और बैरिकेडिंग क्यों नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर खून के धब्बे तक नहीं दिखे, जिससे पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता पर संदेह के बादल गहराते हैं।

हरेराम की चोट और गनौरी की फरारी पर दागे प्रश्न

एबीवीपी नेता ने दूसरे आरोपित हरेराम यादव को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाया। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में उसके पैर टूटने या गंभीर चोट की बात सामने आई थी, जबकि पुलिस का तर्क था कि वह भागने के दौरान घायल हुआ। यदि आरोपित गंभीर रूप से जख्मी था, तो अगले ही दिन अदालत में पेशी के दौरान वह सामान्य रूप से कैसे नजर आया। साथ ही उसकी गिरफ्तारी की तारीख और समय को लेकर भी स्थानीय स्तर पर विरोधाभास की चर्चा है।

इसके अलावा उन्होंने मुख्य आरोपित नंदन यादव के पिता गनौरी यादव का जिक्र करते हुए कहा कि यदि उसके खिलाफ दो दशक पूर्व से हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज थे, तो पुलिस इतने सालों से हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू और शराब सिंडिकेट को मिल रहे कथित संरक्षण की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

पीड़िता पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को लताड़ा

प्रेस वार्ता के दौरान एबीवीपी ने इंटरनेट मीडिया पर पीड़िता के देर शाम बाहर निकलने को लेकर की जा रही अनर्गल टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा की। छात्र नेताओं ने कहा कि किसी भी बहन-बेटी के घर से बाहर निकलने का समय उसकी सुरक्षा का पैमाना नहीं हो सकता। आधी आबादी को निर्भीक माहौल देना सीधे तौर पर सरकार और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही है।

पीड़िता के चरित्र पर उंगली उठाने वालों की मानसिकता विकृत है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता की पहचान और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने से उसकी गरिमा को जो चोट पहुंची है, उसके लिए जिम्मेदार असामाजिक तत्वों और लापरवाह कर्मियों पर भी अविलंब कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- 'मुझे मार दो; इसे अकेले छोड़कर नहीं जाऊंगा', जमुई बैड टच कांड में छात्रा को बचाता रहा छात्र, पिटाई के बाद भी नहीं भागा

24 घंटे की मोहलत, वरना शहर से सदन तक आंदोलन

परिषद नेताओं ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि बीते 22 सितंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस गश्ती बढ़ाने का अल्टीमेटम दिया गया था। 48 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा है।

उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के अंदर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जांच में पारदर्शिता नहीं दिखी, तो विद्यार्थी परिषद शहर की सड़कों से लेकर सदन तक व्यापक जनांदोलन छेड़ेगी। प्रेस वार्ता में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य शांतनु कुमार, नगर सह मंत्री सुमित कुमार, विभाग प्रमुख राजीव रंजन सहित संगठन के कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- जमुई बैड टच कांड: छात्रा से मिलीं कांग्रेस नेत्री; पिता बोले- बाहर घूमेंगे दरिंदे तो कैसे बचेगी बेटी, फाड़ी गई थी जैकेट

यह भी पढ़ें- जमुई बैड टच कांड के आरोपित नंदन व हरेराम पर पुलिस का बड़ा एक्शन; बालू और शराब तस्करी की कुंडली खंगाल रही पुलिस