जमुई बैड टच कांड के आरोपित नंदन व हरेराम पर पुलिस का बड़ा एक्शन; बालू और शराब तस्करी की कुंडली खंगाल रही पुलिस
jamui minor harassment case accused criminal record : जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अमानवीय कृत्य के मुख्य आरोपित नंदन ...और पढ़ें
HighLights
नाबालिगों से अमानवीय कृत्य मामले में दो आरोपित गिरफ्तार।
हरेराम यादव का शराब तस्करी, अवैध बालू खनन का पुराना रिकॉर्ड।
पॉक्सो कोर्ट ने हरेराम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
संवाद सहयोगी, जमुई। jamui minor harassment case accused criminal record जिले में मड़वा पहाड़ के समीप नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ किए गए अमानवीय कृत्य और बर्बरता के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित नंदन यादव और उसके सहयोगी हरेराम यादव की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। विशेष जांच दल (एसआईटी) की पड़ताल जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे दोनों आरोपितों के पुराने काले कारनामों की परतें भी खुलने लगी हैं।
पुलिस अब इन दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व की असामाजिक गतिविधियों का पूरा ब्योरा जुटाने में जुट गई है। विशेष रूप से इलाके में अवैध बालू खनन और शराब तस्करी के नेटवर्क से इनके संपर्कों को लेकर रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
सघन जांच के दौरान आरोपित हरेराम यादव का पुराना मद्यनिषेध और शराब तस्करी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जुलाई 2025 में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हरेराम को 50 लीटर देसी शराब की खेप के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।
50 लीटर शराब के साथ गिरफ्तारी का वीडियो आया सामने
बताया जाता है कि उस समय हरेराम यादव अपनी बाइक पर प्लास्टिक के बड़े पैकेटों में देसी शराब छिपाकर तस्करी के लिए ले जा रहा था। पुलिस के हाथ उस पुरानी गिरफ्तारी से संबंधित एक वीडियो फुटेज भी लगा है, जिसमें बाइक सवार हरेराम के पास पॉलिथीन में रखी देसी शराब साफ दिखाई दे रही है। उस समय उत्पाद विभाग की टीम ने कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा था। अब पुलिस उस पुराने केस डायरी और जमानत की शर्तों का पुन: अध्ययन कर रही है।
इसके साथ ही पुलिस रिकॉर्ड से यह भी पुष्ट हुआ है कि हरेराम यादव के खिलाफ अवैध बालू खनन से संबंधित एक मामला भी पूर्व में दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं और अवैध खनन गिरोहों में उसकी क्या भूमिका रही है। पुलिस दोनों के पूर्व के मुकदमों का सत्यापन करा रही है, ताकि न्यायालय में एक मजबूत आपराधिक इतिहास प्रस्तुत किया जा सके।
पॉक्सो कोर्ट में पेशी के बाद हरेराम भेजा गया जेल
इधर, नाबालिग बच्चों से अमानवीय कृत्य और दरिंदगी के मामले में गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की गई है। पुलिस पुराने मामलों के रिकॉर्ड के साथ-साथ वर्तमान जघन्य कांड में उनकी सीधी भूमिका, वीडियो वायरल करने की साजिश और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर रही है।
आरोपितों की आपराधिक कुंडली: मुख्य तथ्य
मामला: नाबालिग बच्चों के साथ मड़वा पहाड़ के पास अमानवीय कृत्य और छेड़खानी।
मुख्य आरोपित: नंदन यादव और हरेराम यादव।
हरेराम का पुराना रिकॉर्ड: जुलाई 2025 में उत्पाद विभाग द्वारा 50 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तारी (वीडियो साक्ष्य मौजूद)।
अन्य संलिप्तता: अवैध बालू खनन और स्थानीय आपराधिक सिंडिकेट से जुड़ाव की जांच जारी।
अदालती कार्रवाई: बुधवार को विशेष पॉक्सो अदालत में पेशी के बाद हरेराम यादव न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजा गया।
प्राथमिक पूछताछ और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बुधवार को हरेराम यादव को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया। अदालत के आदेश के बाद उसे सीधे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों पर कड़ी धाराओं के तहत स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द सजा दिलाने की पुख्ता तैयारी की जा रही है।
