'मुझे मार दो; इसे अकेले छोड़कर नहीं जाऊंगा', जमुई बैड टच कांड में छात्रा को बचाता रहा छात्र, पिटाई के बाद भी नहीं भागा
Jamui Minor Harassment Case Courageous Boy: जमुई के मड़वा पहाड़ पर एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी के प्रयास के ...और पढ़ें
-1790233229076_m.webp)
Jamui Minor Harassment Case Courageous Boy: 'मुझे मार डालो, पर इसका साथ नहीं छोड़ूंगा' ! प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के प्रयास का मामला।
सहपाठी छात्र ने अपनी जान जोखिम में डालकर की रक्षा।
मनचलों की धमकी और मारपीट के बावजूद नहीं छोड़ा साथ।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Minor Harassment Case Courageous Boy: जिले के मड़वा पहाड़ के समीप दसवीं की नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और दरिंदगी के प्रयास के मामले में अब रूह कंपा देने वाले घटनाक्रम की एक ऐसी सच्चाई सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और साहस की नई मिसाल पेश की है।
मनचलों और दरिंदों की खौफनाक भीड़ के सामने अपनी सहपाठी की अस्मत की रक्षा के लिए ढाल बनकर खड़े रहे साथी छात्र के अदम्य साहस की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।
मनचलों ने छात्र को जान से मारने की सीधी धमकी देकर वहां से तुरंत भाग जाने को कहा था, लेकिन छात्र ने अपनी जान की परवाह किए बिना अडिग रहते हुए दो टूक जवाब दिया- "मुझे भले ही मार दो, लेकिन मैं अपनी साथी को अकेले छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा।"
छात्र के स्वजन से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों सहपाठियों ने हाल ही में नया मोबाइल फोन खरीदा था। कोचिंग के अन्य साथियों से उन्हें जानकारी मिली थी कि शाम के समय मड़वा पहाड़ पर सूर्यास्त (सनसेट) का नजारा बेहद खूबसूरत दिखता है।
इसी उत्सुकता में दोनों कोचिंग क्लास के बीच मिले करीब एक घंटे के ब्रेक के दौरान वहां फोटो शूट और रील बनाने चले गए थे। छात्र घर से अपनी मां की स्कूटी लेकर निकला था।
शादी का दबाव बना रहे थे मनचले, अड़ा रहा छात्र
पहाड़ की तलहटी में पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाकर बैठे करीब आधा दर्जन मनचलों ने दोनों छात्र-छात्राओं को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपितों ने छात्रा के साथ घिनौनी हरकतें शुरू कर दीं और दोनों पर जबरन शादी करने का अनैतिक दबाव बनाने लगे।
जब छात्र ने इसका कड़ा विरोध किया, तो मनचलों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी और छात्रा को वहीं छोड़कर फौरन भाग जाने की चेतावनी दी। गंभीर खतरे के बावजूद छात्र टस से मस नहीं हुआ और लगातार हमलावरों का मुकाबला करते हुए छात्रा की सुरक्षा में अड़ा रहा।
दाल नहीं गली तो फोन कर बुलाया नंदन यादव
छात्र के इस अप्रत्याशित और दृढ़ साहस के आगे जब मनचलों की मनमानी नहीं चल सकी, तो उन्होंने एक सोची-समझी साजिश के तहत इलाके के कुख्यात अपराधी नंदन यादव को फोन घुमा दिया। इस बीच मौका पाकर दोनों छात्र-छात्रा किसी तरह मनचलों के चंगुल से छूटकर पहाड़ से नीचे मुख्य सड़क की ओर भागे।
साहस और बर्बरता का वो एक घंटा
स्थान: मड़वा पहाड़ की तलहटी व मुख्य सड़क मार्ग, जमुई। 19 सितंंबर संध्या सात बजे।
मकसद: नए स्मार्टफोन से सूर्यास्त (सनसेट) के समय फोटो शूट और रील बनाने पहुंचे थे दोनों दोस्त (छात्र-छात्रा)।
मनचलों की हरकत: घेरकर अश्लील आचरण, जबरन शादी का दबाव और छात्र को धमकाकर भगाने की कोशिश।
छात्र का दृढ़ रुख: खुद पर हमला झेलने के बावजूद साथी छात्रा को अकेला छोड़ने से साफ इनकार।
साजिश: छात्र की बहादुरी के आगे मनचलों की दाल न गलने पर कॉल कर बुलाया गया कुख्यात नंदन यादव।
हालांकि, कुछ ही पलों में नंदन यादव अपने साथी हरेराम यादव के साथ बाइक से मुख्य सड़क पर आ धमका। दोनों ने सड़क पर रास्ता रोककर छात्र-छात्राओं को दोबारा घेर लिया और बर्बरतापूर्वक दुर्व्यवहार किया। इसी दौरान पूरी वारदात का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
मेधावी है छात्र, स्कूल के टॉप-5 में रहा है शामिल
वारदात के बाद किसी तरह घर पहुंचे छात्र ने स्वजन को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र की मां शिक्षिका हैं। छात्र न सिर्फ दिल से साहसी है, बल्कि शैक्षणिक स्तर पर भी बेहद प्रतिभाशाली है।
वह अपने विद्यालय के टॉप-5 मेधावी विद्यार्थियों में शुमार रहा है। विपरीत परिस्थितियों में अपनी सहपाठी की गरिमा की रक्षा के लिए जान जोखिम में डालने वाले इस किशोर की दिलेरी की आज हर जुबान पर चर्चा है।
यह भी पढ़ें- जमुई बैड टच कांड की जांच करेंगी लेडी सिंघम; DU से की पढ़ाई, UPSC में 184वीं रैंक, IPS दीप्ति मोनाली का शानदार सफर
