जहानाबाद में दो अलग-अलग घटनाएं... डूबने से एक व्यक्ति और एक किशोर की मौत
जहानाबाद जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना शकूराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव की है जहां 30 वर्षीय भारत यादव की पइन में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने रात में काफी खोजबीन की लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह गांव के पास पइन में उनका शव तैरता हुआ मिला।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जहानाबाद जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। पहली घटना शकूराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव की है, जहां 30 वर्षीय भारत यादव की पइन में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि भारत यादव शाम में शौच के लिए घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं आए। परिजनों ने रात में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह गांव के पास पइन में उनका शव तैरता हुआ मिला।
मृतक के परिवार में माता-पिता, गूंगी पत्नी और 5 साल की बच्ची है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही शकूराबाद थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया।
दूसरी घटना घोसी थाना क्षेत्र के खिरौंटी डीह गांव के पास हुई, जहां करमा पर्व के दौरान 13 वर्षीय रौशन कुमार फल्गु नदी में स्नान करते समय डूब गया। रौशन कुमार खिरौंटी डीह निवासी दिलीप कुमार का पुत्र था। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करमा पर्व को लेकर महिलाओं ने फल्गु नदी में मूर्ति को प्रवाहित करने गई थी। साथ में रौशन कुमार भी चला गया था और फल्गु नदी में स्नान करने के दौरान अत्यधिक पानी में चले जाने के कारण डूब गया।
रौशन कुमार को पानी में डूबते देख लोगों ने शोर मचाया। शोर मचाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पानी में डूबे किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी पाकर घोसी थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने हेतु सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया है।
दोनों घटनाओं से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।