Jehanabad News: जहानाबाद में उफनाई फल्गु नदी, जिला प्रशासन ने जारी किया बाढ़ का अलर्ट
जहानाबाद में लगातार बारिश के कारण फल्गु नदी उफान पर है जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है और उनसे नदी के पास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। आपातकालीन स्थिति में संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले से होकर गुजरी फल्गु नदी लगातार वर्षा के बाद उफना गई है। इसके अलावा मोरहर व दरधा समेत अन्य नदियों में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमण्डल के अनुसार 14 जुलाई से 16 जुलाई की सुबह तक चतरा एवं हजारीबाग क्षेत्र में लगातार भारी वर्षा होने से जिले की नदियों के जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
इन नदियों से जुड़े नहर व पईन में भी जलप्रवाह अत्यधिक होने की संभावना बनी है। बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना के मद्देनजर बियर, बराज, गेट्स के फाटकों को खोल दिया गया है, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलप्रवाह तेज हो गया है। 18 जुलाई तक और वर्षा की संभावना जताई गई है।
16 जुलाई को प्रातःकाल गयाजी डैम से भी जल का निष्कासन किया गया है, जिससे फल्गु नदी में जल की मात्रा में अत्यधिक वृद्धि हो सकती है। इससे फल्गु, भुतही तथा लोकाईन नदी के किनारे बहने वाले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जिला प्रशासन ने फल्गु नदी के किनारे या निचले इलाकों में रहने वाले सभी नागरिकों से सावधानी बरतने को कहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि नदी, नहर व तालाब आदि के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों एवं पशुओं को जलस्रोतों के पास न जाने दें।
किसी भी परिस्थिति में नदियों के शुरुआती पानी की अवस्था को देखते हुए नहाने या तैरने नहीं जाएं। पानी बढ़ने के दौरान जलस्तर में लगातार वृद्धि होती रहती है। पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करें।
किसी भी आपात स्थिति में अपने नजदीकी अंचल कार्यालय, थानाध्यक्ष, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के मोबाइल संख्या 9905614917 एवं 9507716164 पर संपर्क किया जा सकता है। बाढ़ प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों हेतु सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अनुमंडल स्तर पर वरीय पदाधिकारी राहत कार्यों की तैयारियों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।