विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gopalganj: क्रिकेट विवाद में हत्या के बाद दो गुटों में पथराव, हवाई फायरिंग करनी पड़ी, ड्रोन से हो रही निगरानी

By Rajat KumarEdited By: Yogesh Sahu
Published: Sat, 28 Jan 2023 05:52 PM (IST)

बसडीला गांव में क्रिकेट खेलने के विवाद में चाकू से गोदकर की गई युवक की हत्या के मामले को लेकर ...और पढ़ें

बसडीला में युवक की हत्या के बाद दो गुटों में पथराव, हवाई फायरिंग करनी पड़ी, ड्रोन से हो रही निगरानी
बसडीला में युवक की हत्या के बाद दो गुटों में पथराव, हवाई फायरिंग करनी पड़ी, ड्रोन से हो रही निगरानी

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव में शुक्रवार की शाम क्रिकेट खेलने के विवाद में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना में चार अन्य युवक जख्मी हो गए। जख्मी युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया।

इस वारदात को लेकर शनिवार को लोग उग्र हो गए। लोगों ने युवक के शव को घटनास्थल के पास रख दिया तथा प्रदर्शन करने लगे। इस बीच पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपितों के घर के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव की घटना में सदर एसडीपीओ के अंगरक्षक सहित तीन पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। इस बीच सदर एसडीपीओ ने चार राउंड हवाई फायरिंग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के पसरमा गांव निवासी मोहन प्रसाद के पुत्र अंकित कुमार से बसडीला गांव के कुछ युवकों का करीब चार दिन पूर्व क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद हुआ था। अंकित कुमार शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर बसडीला बाजार में सामान की खरीदारी करने के लिए जा रहा था।

इसी बीच बसडीला मस्जिद के पास कुछ युवकों ने अंकित कुमार को घेरकर उस पर चाकू व लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में अंकित कुमार उसके दोस्त हरिओम प्रसाद, शिवम कुमार, चंदन कुमार सहित चार लोग जख्मी हो गए। इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में अंकित कुमार की मौत हो गई।

अंकित कुमार की मौत के बाद सदर अस्पताल में शनिवार को उग्र लोगों ने हंगामा किया। हंगामे के बाद मामला शांत हो गया। उधर, पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। शनिवार को शव का अंतिम संस्कार करने से पूर्व उग्र लोगों ने शव को घटनास्थल पर ले जाकर रख दिया तथा प्रदर्शन करने लगे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शन के क्रम में आरोपितों के घर की छतों से अचानक पथराव शुरू हो गया।

पथराव में सदर एसडीपीओ के अंगरक्षक व अन्य दो सिपाही जख्मी हो गए। इसके बाद सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने मोर्चा संभालते हुए हवाई फायरिंग की। चार राउंड हवाई फायरिंग के बाद स्थिति पर नियंत्रण के लिए पुलिस को लाठियां भी चटकानी पड़ीं। इसके बाद मामला शांत हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम डा. नवल किशोर चौधरी व एसपी स्वर्ण प्रभात भी मौके पर पहुंच गए तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

ड्रोन कैमरे से पूरे इलाके की हो रही निगरानी

बसडीला गांव में युवक की हत्या के बाद हुए बवाल के बाद डीएम डा. नवल किशोर चौधरी व एसपी स्वर्ण प्रभात, सदर एसडीओ डा. प्रदीप कुमार, अपर समाहर्ता सुनील कुमार, सदर एसडीपीओ संजीव कुमार व हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार के साथ करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच डीएम ने कहा कि हंगामा व बवाल करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। हत्या में जो भी लोग दोषी हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस बीच ड्रोन कैमरे से इलाके की निगरानी की जा रही है।

नौ संवेदनशील जगहों पर पुलिस फोर्स तैनात

नगर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव में युवक अंकित कुमार की हत्या की घटना के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने बसडीला व पसरमा गांव में 9 संवदेनशील स्थानों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस किसी भी हाल में हंगामा व बवाल नहीं होने देगी। इसके लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, उसे उठाया जाएगा।

युवक के शव को नहीं उठने दे रहे थे स्वजन, पुलिस से धक्का-मुक्की

नगर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव में युवक अंकित कुमार के शव का अंतिम संस्कार पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी जल्द कराना चाहते थे। इस बीच मृतक युवक के शव को स्वजन उठने नहीं दे रहे थे। काफी देर समझाने के बाद मुख्यालय डीएसपी ज्योति कुमार व सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने शव को उठाने के लिए पुलिस फोर्स की मदद ली। इसके बाद स्वजन व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्वजन का कहना था कि अंकित चार बहन और दो भाई में सबसे बड़ा था।

बवाल के बीच बंद रही बसडीला बाजार की दुकानें

बसडीला बाजार पर हुए हंगामे और बवाल के बीच दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर दिया। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि कुछ देर लिए हुए बवाल के दौरान दुकान बंद थीं। दुकानों को खोलने की अपील की जा रही है।

पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया

बसडीला गांव में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। युवक की हत्या के बाद उग्र लोग आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द कर स्पीडी ट्रायल चलाने की मांग कर रहे थे।

क्या कहते हैं एसपी

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों को चिह्नित कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। छह लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - स्वर्ण प्रभात, एसपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।