Gopalganj Vidhan Sabha Seat 2025: बाढ़ की विभीषिका हर साल, मेडिकल कालेज की घोषणा से आगे नहीं बढ़ी बात
गोपालगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में ही मां थावे भवानी का दरबार आता है। मां थावे भवानी के दर्शन को आने वाले भक्त थावे की पिड़िकिया खाते हैं और उसे प्रसाद के रूप में लेकर भी जाते हैं। सदर विधानसभा सीट पर 17 वर्ष से भाजपा के सिंबल पर सुभाष सिंह विधायक रहे।
रजत कुमार, गोपालगंज। गोपालगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में ही मां थावे भवानी का दरबार आता है। मां थावे भवानी के दर्शन को आने वाले भक्त थावे की पिड़िकिया खाते हैं और उसे प्रसाद के रूप में लेकर भी जाते हैं। सदर विधानसभा सीट पर 17 वर्ष से भाजपा के सिंबल पर सुभाष सिंह विधायक रहे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी कुसुम देवी को पार्टी ने प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा। जनता ने उन्हें सहानुभूति लहर में वोट देकर विधायक बनाया।
विधायक कुसुम देवी का दावा है कि उनके व उनके पति के कार्यकाल में विस क्षेत्र का विकास हुआ है। इसके बावजूद गोपालगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में जो भी बड़ी समस्याएं थीं, वह लगभग बरकरार है। दियारा क्षेत्र गंडक नदी के कटाव से स्थाई समाधान की दिशा में कार्य नहीं किया गया। दियारा के करीब तीन दर्जन से अधिक गांव गंडक नदी के कटाव के कारण तबाह हो चुके हैं। इन गांवों के लोग जिले के अलग-अलग जगहों पर जाकर रह रहे हैं।
विस क्षेत्र के लोग बाढ़ की विभीषिका हर साल झेलने को विवश होते हैं। जिले के थावे में बिहार सरकार की तरफ से मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन घोषणा से आगे बात नहीं बढ़ सकी है। लोगों को अब भी मेडिकल कालेज का इंतजार है।
शहर से गुजरने वाली छाड़ी नदी के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा नहीं हुआ। 101 गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में गोपालगंज, थावे व उचकागांव प्रखंड के कुछ हिस्सों के साथ नगर परिषद क्षेत्र भी शामिल है। नगर परिषद क्षेत्र का भी समुचित विकास नहीं हो सका है। कई इलाकों में लोग आज भी जलजमाव के साथ नाला व सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं।
सदर विधायक कुसुम देवी को करीब तीन साल कार्य करने का मौका मिला है। उनके कार्यकाल में सदर अस्पताल में पांच सौ बेड का भवन, जादोपुर, बसडीला, सेमरा व बरईपट्टी में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र, शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए एलिवेटेड कारिडोर बनाने का कार्य किया गया है। इस अवधि में बंजारी मोड़ से थावे बाइपास का निर्माण कराया गया तथा तुरकाहां बाइबास का निर्माण प्रस्तावित है।
गंडक नदी हर साल करती है कटाव, बेघर लोगों को बसाने का नहीं हो रहा कार्य
सदर प्रखंड के रामपुर टेंगराही पंचायत, कटघरवा, जगीरी टोला, जादोपुर दुखहरण पंचायत सबसे अधिक गंडक नदी के कटाव से प्रभावित हैं। इन पंचायतों के अधीन आने वाले करीब चार दर्जन से अधिक गांव के लोग हर साल गंडक नदी के कटाव से अपने अपने घर को छोड़कर पलायन करते हैं। इस बीच विस्थापित होने वाले लोगों को बसाने के दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं किया गया।
थावे मंदिर का हुआ विकास, सदर अस्पताल को मिला नया भवन
सदर विधानसभा सीट से विधायक रहे सुबाष सिंह के निधन के बाद वर्ष 2022 में हुए उप चुनाव में भाजपा की सिंबल पर चुनाव मैदान में उतरीं उनकी पत्नी कुसुम देवी निर्वाचित हुईं। सदर विधायक की तरफ से बीते तीन साल में थावे मंदिर का विकास का कार्य किया गया। मंदिर परिसर में दुकानों के अलावे भव्य गेट निर्माण व अन्य कई कार्य किए गए। इसके साथ ही एलिवेटेड कारिडोर, जो अधूरा था उसे भी पूर्ण कराया गया। सदर अस्पताल को नया भवन व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया।
यह योजना है प्रस्तावित
सदर विधानसभा के बेहतर विकास को लेकर सदर विधायक कुसुम देवी की तरफ से कोईनी मोड़ से मीरगंज तक रिंग रोड बनाने की दिशा में प्रयास किया गया। इसके साथ ही गोपालगंज, थावे व उचकागांव में एक-एक महाविद्यालय के साथ सारण बांध के पक्कीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसपर जल्द ही कार्य शुरू कराने का दावा भी सदर विधायक की तरफ से किया गया।
यह है प्रखमु समस्या
- सदर प्रखंड के दियारा में बांध की जर्जर स्थिति
- गंडक नदी से कटाव
- बंजारी के समीप एनएच 531 व एनएच 27 की सड़क का मिलान नहीं
- शहर के कई मोहल्लों में जर्जर नाला की समस्या
कहते हैं लोग
सदर विधानसभा क्षेत्र का विकास हुआ है। सदर विधायक की तरफ से विकास के कार्य हमेशा किए जा रहे हैं। कभी शहर जाम की समस्या से कहराता था, आज थावे बाइपास बन जाने के कारण जाम की समस्या लगभग समाप्त हो गई है। कुछ अन्य कार्य भी बाकी है। उसे भी पूरा होना चाहिए।
दीपक कुमार, सरेया मोहल्ला
विधानसभा क्षेत्र में पहले की अपेक्षा कई कार्य किए गए हैं। इससे लोगों को काफी राहत मिली है। जादोपुर-बंगरी बाइपास बनने से दियारा क्षेत्र से आने वाले लोगों को राहत मिली है। जादोपुर बाजार में लगने वाले जाम से अब लोग नहीं फंस रहे हैं।
अजीत सिंह, जादोपुर
सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास के कार्य हुए है। कुछ कार्य बाकी है। साथ ही थावे प्रखंड में कई सड़क ऐसी हैं, जिसे बनाने की जरूरत है। इसको लेकर भी जनप्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए। थावे बाजार का विकास भी होना चाहिए। साथ ही बिजनेस हब बनाने में सरकार को सहयोग करना चाहिए।
गोविन्द कुमार गुप्ता उर्फ गप्पू गुप्ता, थावे
थावे से उचकागांव जाने वाली सड़क जर्जर है। थावे से लाइन बाजार आने वाली सड़क भी कई जगह पर अरना के आसपास जर्जर है। वर्षा होने के बाद इन सड़क पर चलने में परेशानी होती है। इसे बनाने का कार्य भी होना चाहिए, ताकि लोगों का सफर में लगने वाला समय बच सके।
अशोक कुमार शर्मा, विदेशी टोला
सदर विधानसभा क्षेत्र में कई कार्य बाकी है। गंडक नदी का स्थाई समाधान नहीं किया है। साथ ही विस्थापितों को बसाने का कार्य भी किया जाना चाहिए। गोपालगंज शहर की गलियां जर्जर हैं। वर्षा के बाद यहां हर तरफ जलजमाव लग जाता है। यहां के जनप्रतिनिधियों को इसपर कार्य करने की जरूरत थी, लेकिन कोई कार्य नहीं किया गया। शहर में आज भी बेहतर शिक्षा का प्रबंध नहीं किया गया है। आम लोगों को सबसे अधिक परेशानी बेराेजगारी है। इसपर भी कार्य नहीं किया गया।
मोहन प्रसाद गुप्ता, निकटतम उम्मीदवार
गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर मैं हमेशा कार्य करती हूं। मेरे पति पूर्व मंत्री सुबाष सिंह के अधूरे सपनों को पूरा करने का कार्य मेरी तरफ से किया जा रहा है। मेरे कार्यकाल के दौरान कई अहम कार्य किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र के जो भी सड़क नहीं बनी थी उसे बनाने का कार्य किया गया। कई अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र व बाइपास सड़क का निर्माण कराने के साथ ही सदर अस्पताल को नया भवन दिलाने का कार्य किया गया है। जहां तक मेडिकल कालेज की बात है वह भी बनेगा। विभाग की तरफ से इसपर कार्य किया जा रहा है।
कुसुम देवी, सदर विधायक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।