गोपालगंज के 28 वार्डों की बदलेगी सूरत: 17 हजार लोगों को मिलेगी राहत, 76 योजनाओं पर लगी मुहर
गोपालगंज नगर परिषद शहर के 28 वार्डों में 6.5 करोड़ रुपये की लागत से 76 सड़क और नाली निर्माण योजनाएं ...और पढ़ें

शहर के 28 वार्डों की बदलेगी सूरत, 6.5 करोड़ से बनेंगी 76 सड़कें और नालियां (AI Generated Image)
HighLights
गोपालगंज में 76 सड़क और नाली योजनाएं शुरू होंगी।
इन कार्यों पर लगभग 6.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
17 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बरसात में कीचड़ से भरी गलियां, घरों के सामने जमा पानी और बदहाल रास्ते... शहर के कई मोहल्लों की यह पुरानी तस्वीर अब बदलने वाली है। नगर परिषद ने शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है।
इसके तहत नगर परिषद के सभी 28 वार्डों में सड़क और नाली निर्माण की 76 योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। मुख्यमंत्री नाली-गली पक्कीकरण योजना के तहत इन कार्यों पर करीब 6.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। योजनाओं के पूरा होने से 17 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद ने निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली है। सभी 76 योजनाओं की स्वीकृति और निविदा से जुड़ी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संवेदकों का चयन भी कर लिया गया है।
नगर परिषद प्रशासन की कोशिश है कि अगले एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए। इसके लिए संबंधित संवेदकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसंवाद में उठी मांग पर तैयार हुई थीं 91 योजनाएं
नगर परिषद के मुख्य पार्षद हरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शहरवासियों ने सड़क और नाली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। नागरिकों की मांग और जरूरतों को देखते हुए कुल 91 योजनाओं का चयन किया गया था।
इनमें से 76 योजनाओं की निविदा और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शेष योजनाओं पर भी आगे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएंगे।
बरसात में जलजमाव और कीचड़ से मिलेगी राहत
शहर के कई मोहल्लों में आज भी कच्ची और जर्जर गलियां आवागमन में परेशानी पैदा करती हैं। बारिश होते ही इन रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है।
नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जलनिकासी भी बाधित होती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
सड़क और नाली निर्माण पूरा होने के बाद इन समस्याओं में कमी आएगी। पक्की गलियों से आवागमन आसान होगा और बेहतर जलनिकासी की सुविधा मिलेगी।
गुणवत्ता की निगरानी के लिए होगा निरीक्षण
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी योजनाओं का काम निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार कराया जाएगा। इसके लिए समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण और निगरानी की जाएगी।
नगर परिषद का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा में योजनाओं को पूरा कर शहर के मोहल्लों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज वालों के लिए गुड न्यूज: छपरा-थावे रूट पर बिना रुके दौड़ेंगे वाहन, जाम से मिलेगी मुक्ति
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में आधी रात उपद्रवियों का तांडव, वार्ड पार्षद के घर समेत कई गाड़ियों पर पथराव; CCTV खंगाल रही पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।