गोपालगंज में आधी रात उपद्रवियों का तांडव, वार्ड पार्षद के घर समेत कई गाड़ियों पर पथराव; CCTV खंगाल रही पुलिस
गोपालगंज के राजवाही मोहल्ले में देर रात उपद्रवियों ने वार्ड पार्षद के घर समेत कई घरों और गाड़ियों पर पथराव किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
HighLights
राजवाही मोहल्ले में उपद्रवियों ने देर रात मचाया उत्पात।
वार्ड पार्षद के घर सहित कई गाड़ियों पर पथराव।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की कर रही पहचान।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शहर के लखपतिया मोड़ के समीप स्थित राजवाही मोहल्ले में गुरुवार की देर रात उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उपद्रवियों ने वार्ड पार्षद के घर सहित मोहल्ले के कई घरों को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर चलाए।
अचानक हुए पथराव से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। उपद्रवियों ने घरों के अलावा सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि देर रात कुछ उपद्रवी राजवाही मोहल्ले में पहुंचे और अचानक कई घरों पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस दौरान वार्ड पार्षद संजीव सिंह के घर पर भी पथराव किया गया। उपद्रवियों की इस हरकत से मोहल्ले के लोग सहम गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में उपद्रवियों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वहीं, घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए हैं।
उन्होंने घटना की जांच कर उपद्रवियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।