गोपालगंज जिले में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ी, अब तक लगे 6.60 लाख पौधे
गोपालगंज जिले में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ी है। बारिश शुरू होते ही व्यापक वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया जिसके तहत अब तक 6.60 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इन पौधों को गैबियन से सुरक्षा दी जा रही है। वन विभाग मनरेगा और उद्यान विभाग मिलकर 14.27 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है जिसमें से 46% पूरा हो चुका है।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। हरित आवरण बढ़ाने के प्रति आम लोगों में भी जागरूकता बढ़ी है। आंकड़े गवाह हैं कि इस वर्ष बारिश शुरू होते ही वृहद पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के दौरान अब तक पूरे जिले में 6.60 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
रोपे गए पौधों को गैबियन की सुरक्षा भी दी जा रही है। आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष मनरेगा, उद्यान विभाग और वन विभाग को मिलाकर 14.27 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में अब तक पौधरोपण के लक्ष्य का करीब 46 प्रतिशत हासिल किया जा चुका है। विभागीय स्तर पर अगले एक सप्ताह में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया है।
सरकारी आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर वृहद अभियान चलाने की योजना बनाई गई थी। शुरुआत में मौसम अनुकूल नहीं रहने के कारण अभियान गति नहीं पकड़ सका। अगस्त की शुरुआत से बारिश शुरू होने के बाद अभियान को गति दी गई। करीब 18-20 दिनों में रिकॉर्ड संख्या में पौधे लगाए गए हैं।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के दौरान अब तक सबसे ज़्यादा पौधे जिले के कुचायकोट प्रखंड में लगाए गए हैं। जिले का दियारा इलाका भी इस अभियान से अछूता नहीं है। दियारा इलाके में भी तटबंधों आदि के पास पौधारोपण किया जा रहा है।
उद्यान विभाग की पहल के बाद फलदार पौधे लगाने का अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में किसान खुद विभाग से पौधे प्राप्त कर अपने खेतों में लगा रहे हैं। हरित आवरण बढ़ाने के प्रति आम लोगों की बढ़ती रुचि ही वजह रही कि इस साल पूरे जिले में रिकॉर्ड संख्या में पौधारोपण का काम पूरा हो सका।
पौधों को मिल रहा है गैबियन सुरक्षा
इस साल वन विभाग और मनरेगा द्वारा पौधों को गैबियन सुरक्षा दी जा रही है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सतत निगरानी व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, रोपे गए पौधों की सिंचाई आदि के लिए मनरेगा श्रमिकों को भी लगाया गया है।
वन विभाग द्वारा रोपे गए 3.30 लाख पौधे
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 14.27 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध, अब तक वन विभाग द्वारा सर्वाधिक 3.30 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा, मनरेगा द्वारा 2.40 लाख और जीविका द्वारा लगभग 50 हजार पौधे लगाए गए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।