गोपालगंज में रातों-रात 15 लाख के गहने पार: सुबह टूटा शटर देख फूट-फूटकर रोया दुकानदार, दहशत में पूरा बाजार
गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र में एक आभूषण दुकान से अज्ञात चोरों ने करीब 15 लाख रुपये के गहने चुरा ...और पढ़ें

शटर तोड़कर आभूषण दुकान से 15 लाख के गहने चोरी, दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल (जागरण फोटो)
HighLights
बरौली में आभूषण दुकान से 15 लाख के गहने चोरी।
चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के कहला विशनपुरा बाजार में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली।
चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। गुरुवार की सुबह चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
वहीं, घटना से पीड़ित दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित दुकानदार की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के मोगल बरईचा गांव निवासी प्रदीप सोनी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि बुधवार की रात दुकान बंद कर दुकानदार अपने घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया।
चोरों ने पहले दुकान का शटर तोड़ा और फिर अंदर रखे आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार की सुबह जब दुकानदार बाजार पहुंचे तो दुकान का शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण गायब थे। इसके बाद दुकानदार ने घटना की सूचना बरौली थाना की पुलिस को दी। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने दुकान के अंदर व आसपास से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।
स्थानीय दुकानदारों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में खूनी खेल: महावीरी मेले की भीड़ में 19 साल के युवक की चाकू गोदकर हत्या, पुलिस के लिए पहेली बनी वारदात
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में शौच के लिए बाहर गई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचा