Gopalganj News: भूमि विवाद में एक ही परिवार के पांच लोगों पर चाकू से हमला, हालत गंभीर; दोनों तरफ से हुआ पथराव
गोपालगंज में नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव में दो पक्षों में भूमि को लेकर विवाद में एक ही परिवार के पांच लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं गांव में माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार को जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के पांच लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, गांव में माहौल तनावपूर्ण है।
जानकारी के अनुसार, कोन्हवा गांव निवासी हरिहर साह से उनके पड़ोस के लोगों के बीच भूमि विवाद चल रहा है। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर हरिहर साह, अंशु कुमारी, जया कुमारी, सुशीला देवी व राज कुमारी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
चाकूबाजी के बाद दोनों ओर से चले पत्थर
वहीं, मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव भी किया। जख्मी लोगों को आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
मारपीट की घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करने के साथ ही घायलों का बयान दर्ज कर कार्रवाई करने में जुट गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।