Muharram 2025: ताजिया मिलान के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट, आठ घायल; प्रशासन अलर्ट
गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही सिकमी गांव में ताजिया मिलान को लेकर दो गांवों के लोग आपस में भिड़ गए। इस घटना में दोनों तरफ से जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई जिसमें आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जागरण संवाददाता, मांझा (गोपालगंज)। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही सिकमी गांव के रेलवे ढाला समीप स्थित मजार के पास रविवार को दो गांवों के ताजिया मिलान को लेकर लोग आपस में भिड़ गए।
इस दौरान दोनों तरफ से जमकर मारपीट व पत्थर बाजी शुरू हो गई। इसमें करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सिकमी गांव एवं छवही गांव के लोग मुहर्रम जुलूस निकाल रहे थे। ताजिया जुलूस के मिलान को लेकर दोनों गांव के बीच कहासुनी होने लगी। तभी कहासुनी हिंसक हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोगों के बीच जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। इससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। मारपीट व पथराव में करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इनमें छवही तकी गांव के मनु अंसारी, जैनब नेशा, अफजल अली, शईद अली, हसमुद्दीन अंसारी, सिकमी गांव के तैयब हुसैन व खलीउल जमा आदि शामिल हैं। बीच बचाव करने के दौरान राहगीर नीतीश कुमार भी जख्मी हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची मांझागढ़ पुलिस ने दोनों गांव के लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया।
घायल हसमुद्दीन अंसारी ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग सिकमी के मुहर्रम जुलूस का छवही तकी गांव के जुलूस के साथ जबरन मिलान कराना चाहते थे। इसका विरोध करने पर छवही गांव के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव का माहौल है। तनाव को देखते हुए थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में गांव में अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई।
वहीं अधिकारियों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मांझागढ़ थाने में प्राथमिकी कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।