46.36 करोड़ वसूली के लिए गोपालगंज के सासामुसा चीनी मिल पर नीलाम वाद दाखिल
चीनी मिल पर 46.36 करोड़ रुपये है किसानों का बकाया नोटिस का कराया गया तामिला हाजिर नहीं होने पर होगा वारंट।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : पिछले छह वर्ष से गन्ना किसानों के बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर सासामुसा चीनी मिल के विरूद्ध जिला ईख पदाधिकारी ने नीलाम पत्र वाद दाखिल किया है। चीनी मिल से नीलाम पत्र वाद के माध्यम से किसानों का बकाया 46 करोड़ 36 लाख, 19 हजार 650 रुपये की राशि की वसूली की जाएगी। नीलाम पत्र शाखा ने वाद पर सुनवाई के बाद नोटिस तामिला की कार्रवाई का कार्य पूर्ण कर लिया है। इसके बाद भी चीनी मिल प्रबंधन वाद में उपस्थित नहीं हुआ तो उनके विरुद्ध वारंट जारी किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कुचायकोट प्रखंड के सासामुसा में स्थापित चीनी मिल की ओर से किसानों के गन्ने के बकाये राशि का भुगतान लंबे समय से नहीं किया जा रहा था। इसके लिए जिला ईख पदाधिकारी के कार्यालय से कई बार चीनी मिल को नोटिस जारी कर किसानों के वर्ष 2014-15 से लेकर वर्ष 2019-20 तक के राशि के बकाए का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी स्तर पर हुई बैठकों में भी चीनी मिल प्रबंधन को लगातार दिशानिर्देश जारी किए गए। लेकिन चीनी मिल के स्तर पर किसानों के बकाया राशि के भुगतान की दिशा में कोई भी पहल नहीं की गई। चीनी मिल को गन्ना देने वाले किसान लगातार जिला ईख पदाधिकारी के कार्यालय का चक्कर लगाते रहे। तमाम कोशिश के बावजूद जब किसानों को उनके बकाये राशि का भुगतान चीनी मिल की ओर से नहीं किया गया तो मिल प्रबंधन के विरुद्ध जिला ईंख पदाधिकारी जयप्रकाश नारायण सिंह ने नीलाम पत्र वाद दाखिल किया। इस वाद में जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी के न्यायालय में सुनवाई के बाद नोटिस तामिला की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई।
इनसेट
प्रत्येक वित्तीय वर्ष के बकाया राशि के लिए अलग वाद दाखिल
गोपालगंज : जिला ईख पदाधिकारी ने प्रत्येक वित्तीय वर्ष में किसानों के बकाया राशि के लिए अलग-अलग वाद दाखिल किया है। जिला ईंख कार्यालय ने बताया चीनी मिल पर छह वित्तीय वर्ष के लिए राशि का बकाया है। ऐसे में चीनी मिल के विरुद्ध कुल छह नीलाम पत्र वाद दाखिल किया गया है। इनमें सबसे अधिक बकाया राशि वर्ष 2018-19 का है। इस वर्ष में चीनी मिल पर 35,91,86,250 रुपये के बकाया राशि वसूली के लिए वाद लाया गया। चीनी मिल पर वर्ष 2016-17 में सबसे कम 8,77,122 रुपया बकाया है।
इनसेट
किस वित्तीय वर्ष की कितनी राशि बकाया
वित्तीय वर्ष बकाया राशि
2014-15 54,51,331
2015-16 01,30,18,409
2016-17 08,77,122
2017-18 18,81,365
2018-19 35,91,86,250
2019-20 08,32,05,173
कुल 46,36,19,650
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।