गोपालगंज में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, एक युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते सात सितंबर को एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना का वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी गई। किशोरी की मां के बयान पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी कर कार्रवाई तेज कर दी है।

संवाद सूत्र, बरौली (गोपालगंज)। बरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते सात सितंबर को शौच करने निकली एक किशोरी को कुछ युवक जबरन उठाकर ले गए और एक बगीचे में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना का वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी गई। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस बुधवार को किशोरी की मां के बयान पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी कर कार्रवाई तेज कर दी है।
साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए। इस बीच पुलिस ने एक आरोपित को दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार, बरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी अपने घर के पीछे सात सितंबर की रात को निकली। इस दौरान शौच करने के लिए जैसे ही पीछे की तरफ गई तो वहां पूर्व से मौजूद चार युवकों ने उसे जबरन उठा लिया।
साथ ही पास में स्थित एक बगीचे में लेकर जाने के बाद वहां दो आरोपितों ने उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही दो आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो बना लिया। सामूहिक दुष्कर्म के बाद वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देते हुए किशोरी को मौके पर छोड़कर सभी फरार हो गए।
वहीं, किशोरी रोते हुए अपने घर पहुंची। किशोरी की मां ने लोकलाज के डर से इस बारे जानकारी पुलिस को नहीं दी। घटना के तीन दिन बीतने के बाद कुछ जगहों पर गांव में इसकी चर्चा होने लगी। इसके बाद किशोरी की मां ने हिम्मत कर बरौली थाना में पहुंचकर घटना की जानकारी थानाध्यक्ष अणिमा राणा को दी।
वहीं, पुलिस ने किशोरी की मां के बयान पर गांव के ही कुंदन कुमार, सूरज कुमार पर सामूहिक दुष्कर्म करने व विशाल कुमार व धर्मेंद्र कुमार पर वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई। घटना के बाद गुरुवार को एसपी अवधेश दीक्षित ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। साथ ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
वहीं, पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।