गोपालगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दंपती झुलसे, पति की मौत, पत्नी की हालत नाजुक
गोपालगंज के चैनपट्टी गांव में खेत से लौट रहे दंपती पर आकाशीय बिजली गिरी जिसमें किसान मदन साह की मौत हो गई और पत्नी सुशीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सुशीला देवी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के चैनपट्टी गांव में शुक्रवार को खेत से लौट रहे दंपती पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। पत्नी का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक चैनपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय किसान मदन साह अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ शुक्रवार को खेत में काम कर रहे थे। दोपहर के समय अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ वर्षा शुरू हो गई। जैसे ही दंपती घर की ओर लौट रहे थे, अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
बिजली गिरने के बाद जोरदार आवाज और चमक से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद किसान के कपड़ों में आग पकड़ ली थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बुझाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने झुलसे दंपती को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल मदन साह की मौत हो गई।
वहीं उनकी पत्नी सुशीला देवी की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें गहन निगरानी में रखा है। मदन साह की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र और अन्य स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव के लोग बताते हैं कि मदन साह मेहनती किसान थे और हमेशा परिवार व समाज की भलाई में जुटे रहते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वर्षा के दौरान सतर्क रहने की सलाह
गौरतलब है कि मानसून के दौरान जिले में आकाशीय बिजली गिरने से मौत और घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने भी वर्षा के दौरान खुले मैदान और खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पेड़ के नीचे खड़ा होना या खुले स्थान पर मोबाइल का इस्तेमाल करना जोखिम को और बढ़ा देता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।