कुख्यात नक्सली नेता विजय कुमार आर्य समेत दो गिरफ्तार, 7 नामों से जाना जाता है यह नक्सली, जानिए कैसे हुई हुई कार्रवाई
विजय कुमार आर्य भाकपा माओवादी संगठन को रोहतास में मजबूती देने व संगठन के लिए धन एकत्र करने में जुटा हुआ था। उसके पास से एक टैब पेन ड्राइव हार्ड डिस्क ...और पढ़ें

जागरण टीम, सासाराम : रोहतास। भाकपा माओवादी शीर्ष नेता व खुंखार नक्सली विजय कुमार आर्य को रोहतास थाना के समहुता गांव के निकट से बुधवार को उमेश चौधरी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। विजय कुमार आर्य भाकपा माओवादी संगठन को रोहतास में मजबूती देने व संगठन के लिए धन एकत्र करने में जुटा हुआ था। उसके पास से एक टैब, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, वाइस रिकार्डर, की पैड मोबाइल, भाकपा माओवादी का पर्चा, साहित्य व दस हजार रुपये बरामद हुआ है। उसपर गया, औरंगाबाद, रोहतास समेत विभिन्न जिलों के कई थानों में लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में छिपे होने की मिली थी जानकारी
एसपी आशीष भारती ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान केंद्रीय व राज्य एजेंसियों से ज्ञात हुआ कि कुख्यात नक्सली नेता विजय कुमार आर्य रोहतास जिला के कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में छिपा हुआ है। मगध रेंज के आइजी व शाहाबाद डीआइजी के निर्देश पर औरंगाबाद तथा रोहतास पुलिस द्वारा मंगलवार को विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
कई नामों से जाना जाता है विजय
जानकारी मिली कि रोहतास थाना क्षेत्र के समहुता गांव में वह उमेश चौधरी के घर अपने एक सहयोगी राजेश गुप्ता के साथ छिपा हुआ है। औरंगाबाद एसपी कांतेश कुमार मिश्र के साथ संयुक्त टीम गठित कर वहां छापेमारी कराई गई। जहां से विजय कुमार आर्य उर्फ दिलीप उर्फ अमर उर्फ यशपाल उर्फ प्रभात उर्फ रमण उर्फ श्रवण व उमेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
रोहतास में संगठन को मजबूती देने के लिए कर रहा था कार्य
विजय गया जिला के कोच थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी राम जतन सिंह यादव का पुत्र है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली नेता विजय कुमार आर्य ने अपनी स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि वह भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के केंद्रीय कमेटी सदस्य कोयल संघ जोन का प्रभारी है तथा रोहतास में संगठन को मजबूती देने के लिए अपने साथी राजेश गुप्ता के साथ मिलकर सोन गंगा विंध्याचल जोनल एड्हाक कमेटी को पुनर्जीवित करने के लिए काम कर रहा था। इसके लिए लेवी वसूली व कमेटी सदस्यों को जोड़ने का काम भी किया जा रहा था।
विजय कुमार आर्य उमेश के घर दो दिन से ठहरा था
एसपी ने बताया कि विजय कुमार आर्य उमेश के घर दो दिन से ठहरा हुआ था। उसके पास से एक टैब, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, वाइस रिकॉर्डर, की पैड मोबाइल, भाकपा माओवादी का पर्चा, साहित्य व दस हजार रुपये बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि इसका अपराध क्षेत्र रोहतास, गया, औरंगाबाद, कैमूर के अलावा सीमावर्ती अन्य जिलों, झारखंड व अन्य राज्यों में है। पुलिस इसके अन्य अपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।