कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के दौरान सोन में डूबा किशोर, औरंगाबाद के थाने पहुंचे स्वजन, मची अफरातफरी
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोन नदी में स्नान करने गया एक 15 वर्षीय किशोर डूब गया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह नदी में डूब गया। गोताखाेरों ने मशक् ...और पढ़ें

दाउदनगर (औरंगाबाद), संवाद सहयोगी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोन नदी में स्नान करने गया एक 15 वर्षीय किशोर डूब गया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह नदी में डूब गया। गोताखाेरों ने मशक्कत कर शव बरामद कर लिया। डूबे किशोर की पहचान शहर के वार्ड संख्या 13 सत्संग नगर मोहल्ला निवासी रामनाथ प्रसाद के पुत्र लक्ष्मण कुमार के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास पुलिस कर रही थी। लेकिन मोहल्ले के लोग झाड़फूंक के लिए ले जाने पर अड़े थे। हालांकि पुलिस के समझाने पर लोग मान गए।
एक घंटे बाद नदी से निकाला गया शव
बताया जाता है कि सोन नदी में स्नान के लिए अलसुबह से काफी भीड़ लगी थी। इस दौरान लक्ष्मण भी स्नान के लिए आया था। वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। यह देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर 15 से 20 युवक नदी में कूद पड़े। डूबे बालक की खोजबीन की जाने लगी। करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। इधर लक्ष्मण के डूबने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया।
थाने पहुंचे शव सौंपने की मांग करने लगे स्वजन
सूचना पर पहुंची पुलिस शव को थाने ले गई। उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी क्रम में लक्ष्मण के परिवार व गांव के लोग थाने पहुंच गए। उनका कहना था कि झाड़फूंक से बच्चा जीवित हो जाएगा। वे शव को अपने साथ ले जाने पर अड़े थे। इस क्रम में थाना परिसर में भी अफरातफरी मची रही। पुलिस ने समझाया कि पोस्टमार्टम नहीं कराई तो मुआवजा नहीं मिल पाएगा। इसके बाद कुछ प्रबुद्ध लोगोंने भी समझाया तब लोग थाना परिसर से लौटे। किशोर की मौत से मोहल्ले के लोग भी काफी मर्माहत हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।