गयाजी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर विशेष अनुष्ठान, मंगला गौरी मंदिर में हवन और महामृत्युंजय जाप
गयाजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। भाजपा और अन्य संगठनों ने मंदिरों में पूजा गरीबों को वस्त्र वितरण रक्तदान शिविर और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। मां मंगला गौरी मंदिर में विशेष अनुष्ठान हुआ जिसमें मोदी जी के दीर्घायु और राष्ट्र की प्रगति की कामना की गई।

सुभाष कुमार, गयाजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन गयाजी जिले में धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा संगठन के साथ-साथ कई सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्थानों ने विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। कहीं मंदिरों में पूजा-अर्चना हुई तो कहीं गरीबों के बीच फल और वस्त्र वितरित किए गए।
सबसे प्रमुख आयोजन ऐतिहासिक शक्ति स्थल मां मंगला गौरी मंदिर में हुआ। वहीं भाजपा नेता डा. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में विशेष अनुष्ठान, हवन और महामृत्युंजय जाप संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर मां मंगला गौरी से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की गई।
अपने संबोधन में डा. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन तपस्या और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने भारत को नई दिशा और पहचान दी है। गरीबों के कल्याण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के सशक्तिकरण और महिलाओं के सम्मान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी योजनाओं से देश का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है।
इधर, भाजपा संगठन के अलावे अन्य संगठनों ने भी अलग-अलग तरीकों से प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। कई स्थानों पर रक्तदान शिविर, भजन-कीर्तन, पौधारोपण और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। बच्चों ने निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रधानमंत्री के योगदान और उनके सपनों के भारत पर अपने विचार रखे। महिला समूहों ने सामूहिक प्रार्थना कर मोदी जी के दीर्घायु होने की कामना की।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोदी जी का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत नई ऊचाइयों को छू रहा है और विश्व राजनीति में मजबूत भूमिका निभा रहा है। अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वे समाज और राष्ट्रहित के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे और भारत को विश्व गुरु बनाने में योगदान देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।