Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mukesh Ambani: मुकेश अंबानी आज गयाजी में करेंगे पितरों का पिंडदान; राष्ट्रपति मुर्मु कल आएंगी, प्रशासन मुस्तैद

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 08:41 AM (IST)

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को गयाजी में पिंडदान करने आ रही हैं। वह विष्णुपद मंदिर परिसर में कर्मकांड और फल्गु नदी में तर्पण करेंगी। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। वह सुबह 9 बजे पहुंचेंगी और 12 बजे दिल्ली रवाना होंगी। मुकेश अंबानी भी परिवार के साथ पिंडदान करने आ रहे हैं।

    Hero Image
    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गयाजी में करेंगीं पिंडदान

    जागरण संवाददाता, गयाजी। मोक्ष और ज्ञान की भूमि पर अपने पूर्वजों को मोक्ष दिलाने के लिए भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल यानी शनिवार को गयाजी आ रही हैं। यहां आने के बाद राष्ट्रपति विष्णुपद मंदिर परिसर में पिंडदान, कर्मकांड और फल्गु नदी में तर्पण करेंगीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रपति के आने की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, चूंकि राष्ट्रपति व्यक्तिगत कार्यक्रम को लेकर गयाजी आएंगी। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर उनके आगमन को लेकर तैयारी चल रही है।

    प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति दिल्ली से विशेष विमान से अंतरराष्ट्रीय गया हवाई अड्डा पर आएंगी। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दी जाएगी। विशेष सुरक्षा में राष्ट्रपति गया हवाई अड्डा से विष्णुपद मंदिर परिसर पहुंचेगी। जहां पितरों को मोक्ष दिलाने को लेकर पिंडदान व कर्मकांड करेंगी।

    प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति गयाजी के पावन भूमि पर शनिवार की सुबह 9 बजे आएंगी। यहां पिंडदान व कर्मकांड करने के बाद 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

    जानकारी हो कि राष्ट्रपति पद पर रहते हुए पहली बार अपने पितरों को मोक्ष दिलाने को लेकर पिंडदान व कर्मकांड करने आ रही है। इससे पहले राष्ट्रपति गया जिले के टिकारी प्रखंड के दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में आई थी।यह समारोह 20 अक्टूबर 2023 को आयोजित किया गया था।

    जहां समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत की थी। टिकारी से गया एयरपोर्ट जाने के क्रम में राष्ट्रपति अपनी गाड़ी से उतरकर गया नगर के डेल्हा मोहल्ला में अनुसूचित जाति के बच्चों से मिली थी। जहां बच्चों को टॉफी दी थी।

    मुकेश अंबानी करेंगे पिंडदान व कर्मकांड

    वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी शुक्रवार को अपने परिवार के साथ विशेष विमान से गयाजी में पिंडदान और कर्मकांड करने के लिए आ रहे हैं।

    जानकारी के अनुसार वह परिवार के साथ विशेष विमान से अंतरराष्ट्रीय गया हवाई अड्डा आएंगे। जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच गयाजी स्थित विष्णुपद मंदिर में पिंडदान व कर्मकांड करेंगे।

    पिंडदान और कर्मकांड करने के लिए वो तीन से चार घंटे तक गयाजी में रुकेंगे। कर्मकांड करने के बाद वह परिवार के साथ विशेष विमान से मुम्बई के लिए रवाना होंगे।