पहले चरण की वोटिंग पर प्रशांत किशोर का बयान, कहा- जनता नए विकल्प के पक्ष में, प्रवासी मजदूर बने चुनाव के X फैक्टर
जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा कि जनता बदलाव ...और पढ़ें

पहले चरण की बंपर वोटिंग पर प्रशांत किशोर ने कहा बदलाव होगा
HighLights
जनता बदलाव के पक्ष में: प्रशांत किशोर
प्रवासी मजदूर बने 'एक्स फैक्टर'
युवाओं का वोटिंग प्रतिशत सबसे अधिक
जागरण संवाददाता, गया/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण (6 नवंबर) की बंपर वोटिंग पर जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि इस बार जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है और 14 नवंबर को इतिहास लिखा जाएगा। PK ने कहा कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है और नए विकल्प को लेकर उत्साह में है।
प्रशांत किशोर ने बताया कि इस चुनाव में प्रवासी मजदूरों ने अभूतपूर्व रूप से मतदान किया है, जो इस बार के चुनाव का “X फैक्टर” साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में प्रवासी मतदाता अपने गांव लौटे हैं और उन्होंने जन सुराज के पक्ष में मतदान कर बदलाव की नींव रखी है।
PK ने यह भी दावा किया कि बिहार में पहली बार युवाओं का वोटिंग प्रतिशत सबसे अधिक रहा है। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में मतदान तब होता है जब जनता बदलाव के लिए तैयार होती है, न कि सरकार को बनाए रखने के लिए।” उनके अनुसार, यह चुनाव बिहार की राजनीति की दिशा बदलने वाला साबित होगा।
जन सुराज प्रमुख ने कहा कि जनता ने इस बार जात-पात से ऊपर उठकर बिहार के भविष्य के लिए वोट दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जन सुराज न केवल अच्छा प्रदर्शन करेगा बल्कि प्रदेश में एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत करेगा।
PK के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अब 14 नवंबर को होने वाली मतगणना पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि क्या वाकई PK का यह दावा इतिहास बनाता है या नहीं।
