Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    गया में खौफनाक मर्डर, पहले लाठी से खूब पीटा और लहूलुहान हालत में करंट देकर तड़पाया

    Updated: Fri, 18 Jul 2025 07:20 AM (IST)

    बाराचट्टी के धनगांई थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव में नन्हकू यादव की लाठी-डंडे और करंट से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी गीता देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image
    धनगांई के कठौतिया में लाठी से पीटकर और करंट सटाकर एक की हत्या। (जागरण)

    संवाद सूत्र, बाराचट्टी। धनगांई थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव के नन्हकू यादव (40 वर्ष) की हत्या गांव के ही लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर और करंट लगाकर बुधवार की देर रात कर दी।

    घटना की सूचना होने के बाद धनगांई थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी गीता देवी के बयान पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अपने आवेदन में गीता देवी ने पुलिस को बताया कि बीती रात गांव के ज्ञानी यादव, महेंद्र यादव, मुकेश यादव, अखिलेश यादव, तेजन यादव, अरुण यादव, धनेश्वर यादव, भुनेश्वर यादव, राजो यादव, संजय यादव के साथ लगभग दस की संख्या में लोग हमारे पास पहुंचे और गाली-गलौज देने लगे।

    गीता देवी ने आगे बताया कि खपड़ैल छप्पर को लाठी से मारकर चूर-चूर कर दिया। ज्ञानी यादव और महेंद्र यादव हथियार लेकर हमारे घर के आंगन में छप्पर से उतरे और हमारे पति को खोजने लगे। हमने अपने पति को गेहूं के भूंसा घर में बंद कर दिया था। उक्त लोगों से आरजू विनती करती रही। लेकिन इन लोगों ने कुछ नहीं सुना और हमारे साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।

    किसी तरह अपने घर का दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश की, जैसे ही दरवाजा खोला, बाहर इनके ही आदमी खड़े थे। गीता देवी ने अपने आवेदन में बताया कि उक्त सभी लोग हमें और हमारे चचेरा भैंसुर रामदेव यादव को एक कमरे में बंद कर पति को घर से लेकर बाहर खेत की तरफ ले जाकर लाठी-डंडे से मारपीट किया और करंट सटाकर हत्या कर दी।

    पुलिस पर पक्षपात का आरोप, दो घंटे जाम किया सड़क

    गीता देवी और उपस्थित स्वजन एवं ग्रामीणों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस हम लोगों के दिए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही थी।

    इस बात को लेकर ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया तथा थाना के मुख्य गेट पर हंगामा किया। जिसके बाद सूचना के बाद जाम स्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत प्रभात शेरघाटी 2 पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम हटाया।

    डीएसपी ने बताया कि नन्हकू के साथ मार-पीट की गई है। थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना का अनुसंधान किया जा रहा है, नामजद बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।