बिहार में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफनाईं, गया में चार डूबे; कई जगह सड़कें टूटीं
बिहार और झारखंड में लगातार बारिश से नदियों में उफान आ गया है। गया जिले में बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई है। नालंदा में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बेगूसराय सारण और जहानाबाद में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो गई है।

जागरण टीम, पटना। बिहार व झारखंड में लगातार वर्षा से बिहार की सभी नदियां उफना गई हैं। जिससे कई जगह सड़कें डूट गई हैं और तटबंधों पर भी दवाब बढ़ गया है।
गया व बोधगया क्षेत्र में फल्गु, मुहाने और निरंजना नदी में अबतक का सर्वाधिक जलस्राव हुआ है। जिले में बाढ़ में चार लोगों के डूबने की सूचना है। दो के शव बरामद कर लिए गए हैं।
बांकेबाजार के मंडावर नदी में डूबने से 45 वर्षीय संतोष मांझी की मौत, डोभी के कुर्मावा गांव में धरधरी नदी में 12 वर्षीय आयुष लापता है, मोहनपुर के सिंधुगढ़ आहर में 50 वर्षीय नागेश चौधरी की डूबने से मौत हो गई। बाराचट्टी के अदलपुर में 40 वर्षीय कैलाश मांझी कुलसकरी नदी में लापता हैं।
वर्षा के कारण मगध मेडिकल कालेज, गया के ओपीडी और नेत्र विभाग में पानी घुस गया है। गया-धनबाद रेलखंड पर गुरुपा-गझंडी घाटी सेक्शन के यदुगांव डाउन लाइन पर मिट्टी और पत्थर के खिसकने से चार घंटे परिचालन ठप रहा।
परैया थाना क्षेत्र में मोरहर नदी में अचानक पानी आ जाने से रेलवे पुल निर्माण के उपकरण बह गए। इधर, झारखंड के उदेरास्थान से एक लाख 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नालंदा में बाढ़ की आशंका गहरा गई है।
डीएम ने आपात बैठक कर नालंदा जिले छह अंचलों एकंगरसराय, करायपरसुराय, हिलसा, अस्थावां, बिंद एवं गिरियक के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। रोहतास में तुतला भवानी झरने में तेज प्रवाह के कारण सैलानियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
बेगूसराय में मधुरापुर बोल्डर घाट पर गंगा नदी से तेज कटाव हो रहा है, जिससे गुप्ता बांध पर संकट मंडरा रहा है। बछवाड़ा में एनएच पर बरगद का पेड़ गिरने से चार घंटे आवागमन ठप रहा। सारण में गंगा दियारे में कटाव कर रही है। वहीं, जहानाबाद में घोसी प्रखंड में फल्गु नदी का तटबंध टूट गया। घोसी प्रखंड के भारथु से झुनकी जाने वाली सड़क पर पानी चढ़ने से आवागमन ठप हो गया है।
मुंगेर और सहरसा में मार्ग अवरूद्ध
मुंगेर के हवेली खड़गपुर-तारापुर मुख्य मार्ग पर बुढ़िया नदी का डायवर्सन पानी की तेज धार में बह गया, मार्ग पूरी तरह अवरूद्ध हो गया है। इधर, कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से सहरसा के महिषी प्रखंड क्षेत्र की झाड़ा पंचायत का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से कट गया है।
कटरा में बागमती के जलस्तर में बुधवार को तीन फीट की बढ़ोतरी हुई। इससे बकुची घाट स्थित पीपा पुल के एप्रोच पथ पर दो फीट पानी चढ़ गया है। बागमती नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है।
वज्रपात से 15 लोगों की मौत
वर्षा ने किसानों को राहत तो दी, लेकिन बुधवार को छह जिलों में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं, नौ झुलस गए। इनमें 11 मौतें खेत में काम करने व मवेशी चराने के दौरान हुईं। सर्वाधिक पांच मौत नालंदा में हुई।
इनमें नालंदा के रहुई में दो, गिरियक, नगरनौसा व वेना में एक-एक शामिल हैं। गिरियक में मैदान में खेलने के दौरान वज्रपात से बालक की मौत हो गई वहीं, दूसरा झुलस गया। वैशाली जिले में चार मौत हुई। इनमें राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान दो युवकों की मौत हो गई, वहीं चार झुलस गए।
बिदुपुर थाना के चकसिकंदर ढाला के समीप खड़े एक युवक की मौत हो गई और दो झुलस गए। लालगंज में एक महिला की रोपनी के दौरान मौत हो गई। इधर, पटना के खुसरूपुर में दो, नवादा के रोह में दो, जहानाबाद और औरंगाबाद में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।