गयाजी के वो 3 सूर्य मंदिर जहां सुबह, दोपहर और शाम होती है पूजा, श्रीकृष्ण के पुत्र से जुड़ा है खास कनेक्शन
गयाजी में छठ महापर्व के दौरान तीन प्राचीन सूर्य मंदिरों का विशेष महत्व बताया गया है। ये मंदिर प्रातः, मध्याह्न ...और पढ़ें

गयाजी के वो 3 सूर्य मंदिर जहां सुबह, दोपहर और शाम होती है पूजा, श्रीकृष्ण के पुत्र से जुड़ा है खास कनेक्शन
जागरण संवाददाता, गयाजी। लोक आस्था का महापर्व छठ सूर्योपासना का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। भगवान सूर्य को समर्पित इस अनुष्ठान में व्रती अस्ताचलगामी और उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना करते हैं।
गयाजी की धार्मिक और पौराणिक महत्ता इस पर्व को और खास बनाती है। यहां प्रातः, मध्याह्न और संध्याकालीन सूर्योपासना के लिए तीन प्राचीन सूर्य मंदिर स्थापित हैं। इन मंदिरों का संबंध गयाजी के प्राचीन इतिहास और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा है।
साम्ब पुराण के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को शारीरिक व्याधि से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान सूर्य की उपासना का विधान बताया गया था।
सूर्यदेव के आदेश पर शाकद्वीप से मग ब्राह्मणों को बुलाया गया। उन्होंने विधिपूर्वक सूर्योपासना कर साम्ब को श्वेत कुष्ठ से मुक्ति दिलाई। इसके बाद सूर्योपासना का महत्व व्यापक रूप से बढ़ा।
तीन काल के प्रतीक हैं तीन सूर्य मंदिर
आचार्य मनोज मिश्र का कहना है कि गयाजी में प्रात: कालीन सूर्योपासना के लिए हेड मानपुर, मध्याह्नकालीन उपासना के लिए ब्राह्मणीघाट और संध्याकालीन उपासना के लिए सूर्यकुंड सरोवर के पास स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर प्रसिद्ध हैं।
मान्यता है कि इन तीनों मंदिरों का निर्माण असुरवंशी राजा गय ने कराया था। बाद में मानभूम के राजा मानसिंह ने इनका जीर्णोद्धार कराया।
उन्होंने ही मानपुर शहर भी बसाया था। तीनों मंदिरों में स्थापित सूर्य प्रतिमाएं शास्त्रोक्त मूर्तिकला और ओडिशा शैली की उत्कृष्ट कला का उदाहरण हैं।
ब्राह्मणीघाट स्थित मंदिर में भगवान सूर्य अपने पूरे परिवार के साथ विराजमान हैं। वहीं, सूर्यकुंड और हेड मानपुर के मंदिरों में सूर्यदेव के पुत्र शनिदेव और यमराज की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।
छठ पर ब्राह्मणीघाट और सूर्यकुंड बनते हैं आस्था के प्रमुख केंद्र
संध्याकालीन अर्घ्य के लिए सूर्यकुंड स्थित मंदिर और सरोवर का विशेष महत्व है। वहीं, ब्राह्मणीघाट परिसर छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित होता है।
हेड मानपुर स्थित सूर्य मंदिर में प्रातःकालीन अर्घ्य देने की परंपरा है, लेकिन शहर से दूरी और रास्ते की संकीर्णता के कारण वहां पहुंचना आसान नहीं होता।
ऐसे में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के व्रतियों के लिए ब्राह्मणीघाट और सूर्यकुंड अधिक सुविधाजनक स्थान बन जाते हैं।
रेलवे स्टेशन और बस पड़ाव से भी इन दोनों स्थलों तक पहुंचना अपेक्षाकृत आसान है। धार्मिक मान्यता है कि इन प्राचीन मंदिरों में सच्चे मन से भगवान भास्कर की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
यह भी पढ़ें- राजा प्रियव्रत या माता सीता... किसने किया था सबसे पहला छठ? जानिए सतयुग से कलियुग तक इस महापर्व का रहस्य
यह भी पढ़ें- छठ पर आस्था और कला का संगम: सूप पर मधुबनी पेंटिंग उकेर रहीं गया की प्रियंका, 200 व्रतियों को देंगी खास सौगात
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।