विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया-पटना समेत कई रूटों रेल यात्रियों को बड़ी राहत, 5 अस्थायी ट्रेनें अब चलेंगी नियमित

Published: Sat, 04 Oct 2025 08:06 PM (IST)

गया-पटना रेलखंड के यात्रियों के लिए खुशखबरी है! अब पाँच विशेष ट्रेनें स्थायी रूप से चलेंगी जिससे यात्रियों को सुविधा ...और पढ़ें

अब स्पेशल ट्रेनें अस्थायी नहीं, स्थायी नंबरों से चलेंगी ट्रेनें
अब स्पेशल ट्रेनें अस्थायी नहीं, स्थायी नंबरों से चलेंगी ट्रेनें

HighLights

  1. विशेष ट्रेनें अब स्थायी रूप से चलेंगी |
  2. गया-पटना रूट के यात्रियों को राहत |
  3. नए ट्रेन नंबरों के साथ टिकट बुक करें |

जागरण संवाददाता, गयाजी। गया-पटना रेलखंड और इससे जुड़े अन्य रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। अब तक टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड ) यानी अस्थायी आधार पर चलाई जा रही पांच ट्रेनों को रेलवे बोर्ड ने स्थायी रूप से नियमित सेवाओं में शामिल कर दिया है। ये बदलाव शनिवार से प्रभावी हो चुके हैं।

रेलवे प्रशासन का दावा है कि इन बदलावों के बाद प्रतिदिन हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर गया–पटना रूट पर सुबह-शाम के समय भारी रेल यातायात को देखते हुए यह बड़ा कदम माना जा रहा है।

पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इन ट्रेनों के पुराने (स्पेशल) नंबर खत्म कर दिए गए हैं और उनकी जगह स्थायी ट्रेन नंबर जारी कर दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिहाज से इनकी समय सारणी और स्टापेज बिल्कुल पूर्ववत रखे गए हैं ताकि यात्रियों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परिवर्तन का असर किन रूटों पर

यह बदलाव गया–पटना, गया–पाटलिपुत्र, किऊल–मोकामा और पाटलिपुत्र–बलिया के यात्रियों को सीधे प्रभावित करेगा। नई सेवाएं अब नियमित ट्रेनों की श्रेणी में दर्ज हो गई हैं, इससे सीट आरक्षण, कोच उपलब्धता और संचालन में स्थिरता आएगी। चार अक्टूबर से नियमित ट्रेन नंबर इस प्रकार हैं।

मौजूदा ट्रेन संख्या संशोधित नियमित ट्रेन संख्या रूट
03656 / 03655 53238 / 53237 गया – पटना (पीएनबीई)
03668 / 03667 53240 / 53239 गया – पटना (पीएनबीई)
05553 / 05554 63329 / 63330 गया – पाटलिपुत्र (पीपीटीए)
03345 / 03346 63331 / 63332 किऊल – मोकामा (एमकेए)
05297 / 05298 63333 / 63334 पाटलिपुत्र – बलिया (बीयूआई)

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुरानी विशेष ट्रेनों की सेवाएं एक साथ खत्म मानी जाएंगी। यानी अब इन पुराने नंबरों पर टिकट बुकिंग या संचालन उपलब्ध नहीं होगा। यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा योजना बनाते समय नए ट्रेन नंबरों की जानकारी लेकर ही टिकट बुक करें।

रेलवे ने स्टेशनों, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और पूछताछ केंद्रों पर भी बदलाव दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रियों के लिए यह निर्णय इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि अब इन ट्रेनों का परिचालन अनिश्चित नहीं रहेगा, बल्कि पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित सेवा के रूप में जारी रहेगा।