Gaya News: प्रेतशिला पहाड़ी पर जाने के लिए अब नहीं चढ़नी होगी 676 सीढ़ियां, रोप-वे को लेकर आ गया नया अपडेट
गयाजी एक ऐतिहासिक शहर है जहां पिंडदान का महत्व है। पितरों की शांति के लिए लोग यहां आते हैं। बिहार सरकार पिंडदानियों के लिए प्रेतशिला पहाड़ी पर रोप-वे बना रही है। रोप-वे बनने से सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी कम होगी। तकनीकी कारणों से निर्माण में देरी हुई है लेकिन पितृपक्ष तक पूरा होने की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, गयाजी। गयाजी एक ऐतिहासिक और धार्मिक शहर है। पितरों के मोक्ष की प्राप्ति को लेकर काफी संख्या में पिंडदानी प्रत्येक दिन गयाजी आते है। पिंडदान कर अपने पितरों के मोक्ष दिलाते है।
गयाजी में स्थित 54 पिंडवेदियों में प्रेतशिला प्रमुख पिंडवेदी में एक है। जहां प्रत्येक दिन काफी संख्या में पिंडदानी अपने पितरों के मोक्ष के लिए पिंडदान करते है।
पितृपक्ष में तो एक पखवाड़े तक तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ता है। पिंडदानियों की सुविधाओं को लेकर बिहार सरकार प्रेतशिला पहाड़ी पर रोप-वे का निर्माण कर रहा है।
रोप-वे का निर्माण बिहार राज्य पुल निगम द्वारा किया जा रहा है। रोप-वे का निर्माण होते ही पिंडदानियों को 676 सीढ़ियां चढ़ना नहीं पड़ेगा।
पिंडदानी और अन्य पर्यटक आसानी से पहाड़ी की चोटी पर पहुंच पाएंगे। हालांकि, रोप-वे का निर्माण दो वर्षों से चल रहा है। जबकि रोप-वे का निर्माण कार्य 2024 के पितृपक्ष मेले के समय पूरा कर देना था। लेकिन तकनीकी कारण से रोप-वे का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ।
बिहार राज्य पुल निगम के एक कर्मी का कहना है कि रोप-वे निर्माण कार्य में बाधा आने के कारण कई माह तक कार्य बंद हो गया था।
क्योंकि, रोप-वे का निर्माण के रास्ते में एक कठोर चट्टान आ गया था। जिसमें छेद करना काफी मुश्किल काम था। चट्टान में छेद नहीं करने के कारण रोप-वे का रास्ते में थोड़ा बदलाव कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
283 मीटर रोप-वे का हो रहा निर्माण
पहाड़ी की चोटी तक पहुंचने के लिए बिहार राज्य पुल निगम 283 मीटर रोप-वे का निर्माण कर रहा है। जमीन से पहाड़ी की चोटी की ऊंचाई 283 मीटर पर है। जमीन से लेकर पहाड़ी की चोटी तक रोप-वे का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण होने के बाद तीर्थयात्रियों एवं आमलोगों के लिए चालू कर दिया जाएगा।
छह केबिन होगा रोप-वे में
पहाड़ी की चोटी पर चढ़ने और उतरने के लिए छह केबिन का रोप-वे होगा। प्रत्येक केबिन में बैठने के लिए चार-चार सीट होगी। एक बार 24 लोग पहाड़ी की चोटी पर पहुंच सकते है।
वहीं, रोप-वे का निर्माण 6.95 करोड़ की राशि से किया है। पितृपक्ष में तीर्थयात्री रोप-वे का आनंद उठाने लगेंगे। साथ ही सीढ़ियों के सहारे चढ़ने वाले तीर्थयात्रियों को निजात मिलेगी।
बिहार राज्य पुल निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने बताया कि प्रेतशिला पहाड़ी पर रोप-वे का निर्माण कार्य काफी तेजी हो रहा है।
पितृपक्ष तक रोप-वे का निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा। जिससे तीर्थयात्रियों को पहाड़ी की चोटी तक पहुंचने में आसानी होगी। तकनीकी कारण से निर्माण कार्य में थोड़ी देर हुई है। फिर भी पितृपक्ष तक रोप-वे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।