गया: तिलक समारोह में भोजन करने से चार दर्जन बीमार, चिकित्सक ने बताया यह कारण, आप भी रहें सावधान
तेतरिया गांव में 8 अप्रैल की रात तिलक समारोह में भोजन करने वाले चार दर्जन से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार हो गए। जिन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल में इलाज शुरु किया गया। अधिकांश लोगों को मंगलवार को छुट्टी दे दी गई है।
संवाद सहयोगी, शेरघाटी: थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में 8 अप्रैल की रात तिलक समारोह में भोजन करने वाले चार दर्जन से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार हो गए। जिन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल में इलाज शुरु किया गया। अधिकांश लोगों को मंगलवार को छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि चार दर्जन से अधिक लोग अस्पताल पहुंचे जहां उनका इलाज किया गया। इलाज के बाद स्वास्थ्य होने वाले लोगों को छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल छह लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। सभी की स्थिति नियंत्रण में है।
बीमारी का कारण बासी भोजन का सेवन
उल्लेखनीय है कि तेतरिया गांव के राजकुमार यादव के पुत्र की तिलक समारोह रविवार को थी। इस मौके पर प्रीतिभोज का आयोजन था। प्रीतिभोज में खाना खाने वाले लोगों को कुछ घंटे के बाद उल्टी एवं दस्त होने लगा।एक के बाद एक लोगों को गंभीर अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी इलाज के लिए पहुंचे। मंगलवार के सुबह तक एक दर्जन लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि दो दर्जन पीड़ित का इलाज जारी था। शाम तक अधिकांश लोग स्वस्थ हो गए, जिन्हें छुट्टी दे दी गई। अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि बीमारी का कारण बासी भोजन का सेवन है।
खाने के लगभग 8 से 10 घंटे बाद तबीयत होने लगी खराब
गर्मी के दिनों में खाद्य पदार्थ में खराब होने की संभावना है। इसके कारण खाने के लगभग 8 से 10 घंटे बाद घर के लोगों के मुताबिक तबीयत खराब होने लगी। किसी को उल्टी तो किसी को दस्त होने लगा। कई लोग उल्टी-दस्त दोनों से परेशान होने लगे। देखते ही देखते घर में आए मेहमान से लेकर मेजवान तक को डायरिया की बीमारी ने अपनी चपेट में लिया। एक-एक करके लोग बीमार करने पड़ने लगे।
इधर, घर के मालिक राजकुमार यादव ने बताया कि किसी के द्वारा गलत मंशा से कुछ मिलावट नहीं की गई है। पता नहीं भोजन में कौन ऐसी खाद्य पदार्थ रही जिसके कारण लोगों को भोजन के बाद परेशानी हुई है। फिलहाल मुनिया देवी,आरती कुमारी,सुनीता देवी,सतिया देवी,ऋषि राज, लालो देवी,रौशनी कुमारी, खुशबू कुमारी आदि का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।