कम उम्र में बड़ों के साथ तीरंदाजी का मुकाबला, बिहार की बेटी ने रच दिया इतिहास
गयाजी की छोटी कुमारी ने मेघालय में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर बिहार का मान बढ़ाया है।

गयाजी लौटी छोटी कुमारी का गया कालेज खेल परिसर के मगध आर्चरी फाउंडेशन के ग्राउंड में स्वागत। फोटो- सौजन्य- मगध आर्चरी फाउंडेशन
HighLights
छोटी कुमारी ने राष्ट्रीय तीरंदाजी में कांस्य पदक जीता।
सीनियर महिला वर्ग में कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की।
गयाजी और बिहार का मान बढ़ाया, युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली।
जागरण संवाददाता, गयाजी। उम्र छोटी, लेकिन निशाना बड़ा। कम उम्र में सीनियर महिला वर्ग की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक जीतकर गयाजी की छोटी कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मेघालय के शिलांग में आयोजित एनटीपीसी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप की इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने बिहार के साथ गयाजी का मान बढ़ाया है।
सीनियर महिला वर्ग में कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना उनकी मेहनत, अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
रविवार को गयाजी लौटने पर छोटी कुमारी का गया कॉलेज खेल परिसर के मगध आर्चरी फाउंडेशन के ग्राउंड में स्वागत और सम्मान किया गया।
बीएसएसए के तीरंदाजी कोच जय प्रकाश और फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अंजय कुमार ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कम उम्र में सीनियर वर्ग में बनाई पहचान
तीरंदाजी में सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिता में उतरना अपने आप में चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में कम उम्र में इस वर्ग की इंडियन राउंड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करना छोटी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस सफलता से जिले की युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर कम उम्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
जिला खेल पदाधिकारी नेहा कुमारी और मगध आर्चरी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. रतन कुमार ने छोटी कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और संसाधन मिलना जरूरी है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
छोटी की इस सफलता से मगध क्षेत्र में तीरंदाजी को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। खेलप्रेमियों को भरोसा है कि वह आगे भी अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करते हुए बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतेंगी।
यह भी पढ़ें- भागलपुर के इस गांव में अजब-गजब मंजर: घर से निकली अर्थी, पर श्मशान में चिता पर नहीं थी लाश; वजह जान उड़ जाएंगे होश