हद है भाई, श्मशान को भी नहीं छोड़ा, नवादा में रात के अंधेरे में खुरी नदी से माफिया निकाल रहे बालू
Illegal sand Mining नवादा जिले के अकबरपुर पांती में खुरी नदी से मफिया एक सप्ताह से बालू निकाल रहे हैं। इस क्रम में उनलोगों ने श्मशान घाट को भी खोद डाला है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

अकबरपुर (नवादा), संवाद सूत्र। Illegal sand Mining: अकबरपुर पांती स्थित खुरी नदी में बालू मफिया पिछले एक सप्ताह से स्थानीय बिचौलिए की मिलीभगत कर अवैध बालू खनन कर रहे हैं। बालू निकालने के चक्कर में श्मशान घाट तक खोद डाला है। इससे अब शव की अंत्येष्टि में काफी परेशानी होगी। पोकलेन मशीन से खोदी गई नदी में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे़ हो गए हैं। उनमें पानी भरा है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
पोकलेन से खोद दी नदी, जगह-जगह बने गड्ढ़े
श्मशान घाट को खोदने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से रात 11 बजे से नदी में पोकलेन से खोदाई शुरू कर दी जाती है। बालू का अवैध खनन कर हाईवा से दूसरे जगह ले जाया जाता है। खनन को लेकर स्थानीय पदाधिकारी को कई बार कहा गया लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। बुधवार को जिलाधिकारी को सूचना भेजी गई। सूचना के बाद बुधवार की रात जिला खनन पदाधिकारी ने अकबरपुर में आकर छापेमारी की। वहां से एक बालू लदे बिना नंबर के हाइवा को जब्त किया गया। पोकलेन मशीन को वहीं नदी में छोड़ दिया गया। हाइवा पर 2 लाख 26 हजार 875 रुपये जुर्माना लगाया गया हैं। वहीं पोकलेन मशीन गुरुवार सुबह तक नदी में ही लगा हुआ था। ऐसे में नीयत और नीति पर संदेह किया जा रहा है। अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि जुर्माना जमा नहीं कराए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
अंधेरे में हो रही बालू की चोरी
अकबरपुर के पास खुरी नदी से धड़ल्ले से बालू की चोरी हो रही है। ऐसा तब हो रहा है जब थाना से लेकर प्रखंड कार्यालय की दूरी मुश्किल से 500 गज है। ऐसे में सरकारी राजस्व को जबर्दस्त नुकसान पहुंच रहा है। बता दें कि एक जनवरी से जिले बालू खनन का काम बंद है। अवैध खनन को रोकने की जिम्मेवारी स्थानीय अधिकारियों की है। बावजूद अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने से बेखौफ बालू की चोरी की जा रही है। बताया गया कि अधिकारियों के मुख्यालय में नहीं रहने से ऐसा हो रहा है। अकबरपुर-ककोलत पथ खुरी नदी पुल से पूरब उत्तर काली मंडा बालू घाट से बालू की चोरी हो रही है। रात में गश्ती पुलिस बालू चोरों को पकड़ में सफल नहीं हो पा रही है। ऐसे में सरकारी राजस्व को जबर्दस्त नुकसान पहुंच रहा है। इस धंधे में अधिकारियों की संलिप्तता का अंदेशा भी स्थानीय लोग जता रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।