विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2011 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उफ ये तंग गलियां, बजबजाती नालियां..

By Edited By:
Published: Sat, 26 Nov 2011 08:51 PM (IST)Updated: Sat, 26 Nov 2011 08:52 PM (IST)

News Article Hero Image

गया, निज प्रतिनिधि : वार्ड नंबर 25 की तंग गलियां और बजबजाती नालियां यहां के लोगों की सबसे बड़ी समस्या है। लोग उफ-उफ करते हैं, नाराज होते हैं और निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों की संख्या का रोना रोता रहता है। इस मामले में पार्षद स्वयं को असहाय पाते हैं।

लोग कहते हैं कि पुराने करीमगंज मुहल्ले की तंग गलियों की करीब साढ़े तीन सौ फीट लंबी नालियों की सफाई के लिए विशेष कार्यबल की आवश्यकता है। यहां सड़कें बनी हैं, नाले व नालियों का निर्माण भी कराया गया। चार चापाकल लगे हैं। एक मिनी हाई मास्ट लाइट लगायी गयी है। एक प्याऊ बनाया गया। पार्षद ने तीन लाख रुपये खर्च कर पूरे वार्ड में वेपर लाइट लगाने की योजना बनायी है। गया कालेज के हॉस्टल से क्रेन स्कूल होते हुये रेलवे लाइन की ओर गया बड़ा नाला 30 वर्ष पूर्व बना। अब बदहाल है। यह नाला निगम के 30, 31, 32 25 तथा 26 नंबर वार्ड को जोड़ता है। इसकी मरम्मत के लिए पार्षद ने पहल की है लेकिन राशि के अभाव में योजना अधर में लटकी है।

कहते हैं मुहल्लावासी

मच्छरों का है प्रकोप

फोटो 19 जेपीजी

करीमगंज मदरसा गली के जियाउद्दीन अहमद कहते हैं कि विकास कार्य हुये हैं। साफ-सफाई भी यहां होती है। पर मच्छरों ने जीना मुहाल कर रखा है। इनकी शिकायत है कि अल्पसंख्यक बहुल मुहल्ले की तरफ निगम का ध्यान नहीं जाता।

विकास में भेदभाव

फोटो 20 जेपीजी

करीमगंज खजूर गली निवासी नेहाल अहमद का कहना है कि विकास के मामले में नगर निगम अधिकारी भेदभाव की नीति अपनाते हैं। फलत: विकास कार्य प्रभावित होता है। सफाई मजदूरों की कमी के कारण सफाई कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

नहीं होता दवा का छिड़काव

फोटो 21 जेपीजी

करीमगंज युसूफ गार्ड लेन के रहने वाले सुलतान खां कहते हैं कि पार्षद के काम से उन्हें कोई शिकायत नहीं है। परंतु, मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव यहां नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी होती है।

सड़क नहीं बनी

फोटो 22 जेपीजी

करीमगंज रोड नंबर 2 के रहने वाले शाहिन अख्तर उर्फ बबलू का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं हुई। वहीं मुख्यमंत्री शहरी योजना के तहत करीमगंज मेन रोड से वहाव होटल तक बनने वाली सड़क का प्राक्कलन हो चुका है। निगम राशि नहीं दे रहा।

कहते हैं वार्ड पार्षद

फोटो 18 जेपीजी

सफाई कर्मियों की कमी से दिक्कत

वार्ड नंबर 25 के पार्षद अबरार अहमद कहते हैं कि करीब 40 लाख रुपये वार्ड अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं पर खर्च किए गये हैं। गया कालेज हॉस्टल से क्रेन स्कूल होते हुये रेलवे लाइन की ओर जाने वाले बड़े नाले को नये सिरे से बनाने की योजना मंजूर है। राशि के अभाव में टेंडर नहीं हो सका। सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण संकीर्ण गलियों की नालियों की सफाई सही तरीके से नहीं हो पाती है।

वार्ड का सीमांकन

नगर निगम के वार्ड नंबर 25 के उत्तर में रेलवे लाइन, दक्षिण में कटारी हिल रोड, पूरब में रेलवे अस्पताल तथा पश्चिम में क्रेन स्कूल नाला है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।